पलक्कड़ उपचुनाव के बीच बीजेपी को बड़ा झटका, संदीप वारियर ने ज्वाइन की कांग्रेस, जानिए अब क्या होंगे मायने?
Palakkad Assembly bypoll: केरल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को शनिवार 16 नवंबर बड़ा झटका लगा है। पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव के बीच पार्टी से नाराज हुए वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता संदीप वारियर ने बीजेपी का दामन छोड़ कांग्रेस ज्वाइन कर ली। संदीप वारियर के एकाएक बीजेपी छोड़ने और कांग्रेस ज्वाइन करने से पार्टी के भीतर हलचल मच गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, संदीप वारियर एक प्रभावशाली समुदाय से आते हैं, जो पलक्कड़ विधानसभा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मतदाता समूह है। ऐसे में कांग्रेस ने संदीप वारियर को तत्काल पार्टी सदस्यता दिलाई, ताकि उपचुनाव में पार्टी को फायदा मिल सके। वहीं, वारियर के पार्टी छोड़ने के फैसले ने बीजेपी के राज्य नेतृत्व के साथ असंतोष को और बढ़ा दिया है।

पार्टी नेताओं की आलोचना करने वाले उनके सोशल मीडिया पोस्ट ने पहले ही बीजेपी हलकों में विवाद खड़ा कर दिया था। बता दें, पलक्कड़ सीट के लिए एक समय शीर्ष दावेदार माने जाने वाले वारियर ने सार्वजनिक रूप से सी. कृष्णकुमार की उम्मीदवारी का विरोध किया था। उन्होंने सुझाव दिया था कि उपचुनाव में सुरेंद्रन और शोभा सुरेंद्रन के बीच मुकाबला बेहतर होगा।
इतना ही नहीं, वारियर ने स्पष्ट रूप से सुरेन्द्रन की आलोचना की। साथ ही, आरोप लगाया कि भाजपा के राज्य नेतृत्व ने कोडकारा हवाला और मंजेश्वरम चुनाव रिश्वत मामलों से खुद को बाहर निकालने के लिए मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के साथ "एक गुप्त समझौता" किया है।
वारियर ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने करुवन्नूर सहकारी बैंक घोटाले में शामिल सीपीआई (एम) नेताओं के खिलाफ धन शोधन के मामले को चुपचाप वापस ले लिया। इन दावों ने केरल में राजनीतिक बहस को और हवा दे दी।












Click it and Unblock the Notifications