VIDEO ट्वीट कर संबित पात्रा बोले, शाहीन बाग वालों हिम्मत है तो अब “Islamist Terrorism हाय हाय” बोलो
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और एनआरसी के विरोध में लंबे समय से प्रदर्शन चल रहा है। इस पर सियासत भी खूब हो रही है, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग को लेकर वहां डटे हुए हैं। करीब महीनेभर से ज्यादा समय से चल रहे इस प्रदर्शन को लेकर बीजेपी नेता और पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने 'कश्मीरी पंडितों के नरसंहार' का एक वीडियो शेयर करते हुए शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों पर बड़ा हमला किया।

'शाहीन बाग वालों ज़रा ध्यान से इस video को देखो'
बीजेपी नेता ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से 'कश्मीरी पंडितों के नरसंहार' का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'शाहीन बाग वालों ज़रा ध्यान से इस video को देखो! और हिम्मत है तो एक बार "Islamist Terrorism हाय हाय" के नारे बुलंद करो। आज ज़रा "हम भी देखेंगे" की आप, वो 500-500 रुपए में आए लोग और ये रुपए बांटने वालों में इतनी हिम्मत है की नहीं!!'
संबित पात्रा ने किया ये ट्वीट
संबित पात्रा का ये ट्वीट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोमवार सुबह 9.26 बजे पर किए गए ट्वीट को कुछ ही घंटे में साढ़े आठ हजार से ज्यादा रिट्वीट किया गया। यही नहीं करीब 17 हजार लाइक्स भी इस ट्वीट पर आए हैं। यूजर्स लगातार उनके ट्वीट पर कमेंट्स कर रहे हैं। इस दौरान कुछ यूजर्स ने संबित पात्रा के ट्वीट के समर्थन में अपनी बात रखी, वहीं कई यूजर्स ने उन पर निशाना भी साधा।

महीनेभर से ज्यादा समय से चल रहा शाहीन बाग प्रोटेस्ट
जानकारी के मुताबिक, बीजेपी नेता का ये ट्वीट ऐसे समय में आया जब एक दिन पहले ही कश्मीरी पंडितों के समूह ने शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन में शिरकत की थी। इस दौरान कश्मीरी पंडितों ने शाहीन बाग में सीएए के समर्थन में नारे लगाते हुए प्लेकार्ड्स भी दिखाए। बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) के विरोध में शाहीन बाग में महिलाओं के प्रदर्शन का दायरा बढ़ता जा रहा है। ये प्रदर्शन 15 दिसंबर से लगातार जारी है।












Click it and Unblock the Notifications