'संभल हिंसा के लिए प्रशासन जिम्मेदार, संसद में उठाऊंगा मुद्दा', सपा सांसद रामगोपाल यादव ने दिखाए तेवर
UP News: यूपी के संभल जिले में हाल ही में हुई हिंसा को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामगोपाल यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस हिंसा में कई लोग मारे गए हैं, और इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से जिम्मेदार है। रामगोपाल यादव ने यह आरोप भी लगाया कि प्रशासन ने समय रहते हिंसा को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
Recommended Video
सपा सांसद ने कहा, "मैंने इस मामले का नोटिस लिया है और इसे सदन में उठाऊंगा। यह केवल तीन मौतों का मामला नहीं है, बल्कि इससे कहीं ज्यादा मौतें हुई हैं, और ऐसा लगता है कि यह आंकड़ा और बढ़ेगा।" उन्होंने प्रशासन की लापरवाही को हिंसा के बढ़ने का मुख्य कारण बताया और कहा कि अब इसे नियंत्रित करना कठिन हो सकता है।

संभल में हुई हिंसा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिनमें प्रशासन की भूमिका पर गंभीर चिंताएँ जताई जा रही हैं। हिंसा रविवार को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान भड़की, जिसके बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। इस दौरान पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं और गाड़ियों में आग लगा दी गई।
अब तक 4 की मौत
संभल हिंसा में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा, CO अनुज चौधरी और SP के PRO के पैरों में गोली लगी है, और 22 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। हिंसा के बाद, संबल जिले में 12वीं तक के स्कूल और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
संबल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा में, पुलिस पर भी पथराव हुआ और पूरे शहर में तनाव फैल गया। शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल बना हुआ है। इसके साथ ही, मुरादाबाद में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है और डीएम-SSP के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
संबल में हुई हिंसा के कारण 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। साथ ही, नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल आज (सोमवार) बंद रहेंगे। डीएम राजेंद्र पैंसिया ने एक दिसंबर तक संभल जिले में बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications