‘घर जैसा लगा पाकिस्तान में’– सैम पित्रोदा के बयान से मचा सियासी तूफान, जानें BJP ने क्या कहा?
Sam Pitroda Pak Controversy: राजनीति में नेताओं का बड़बोलापन वाला स्टंट गाहे-बगाहे दिखता रहता है। कई बार लाइमलाइम में आने के लिए नेता जी ऐसा कर जाते हैं तो कभी फ्लो-फ्लो में कुछ ज्यादा ही बोल कर गलती से मिस्टेक कर जाते हैं।
अब कांग्रेस ओवरसीज चीफ और राहुल गांधी के करीबी सहयोगी सैम पित्रोदा को ही देख लीजिए.....ये अक्सर अपने बयानों के कारण चर्चा में बने रहते हैं और इन्होंने एक बार फिर ऐसा बयान दे दिया है, जिससे सियासत गरमा गई है।

दरअसल, सैम पित्रोदा ने कहा कि उन्हें पाकिस्तान में "घर जैसा" महसूस होता है। जैसे ही उनका ये बयान आया भारतीय जनता पार्टी ने इसे हाथों-हाथ लपक लिया और कांग्रेस पर ब्रह्मास्त्र छोड़ दिया। बीजेपी ने इसे कांग्रेस का पाकिस्तान को लेकर नरम रुख अपनाने का आरोप जड़ दिया।
What did Sam Pitroda Say? सैप पित्रोदा ने क्या कहा?
दरअसल, सैम पित्रोदा ने IANS को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत को अपनी विदेश नीति में सबसे पहले पड़ोसी देशों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा - "क्या हम वास्तव में अपने पड़ोसियों से रिश्ते बेहतर कर सकते हैं? वे सभी छोटे देश हैं, मुश्किल हालात से गुजर रहे हैं। उन्हें मदद की ज़रूरत है। हिंसा और आतंकवाद की समस्या है, लेकिन आखिरकार हम एक ही जीन पूल से आते हैं। मैं पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल गया हूं। वहां मुझे कभी लगा ही नहीं कि मैं किसी विदेशी देश में हूं।"
बीजेपी का वार: "INC यानी Islamabad National Congress"
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ताबड़तोड़ हमला बोला। उन्होंने लिखा कि "राहुल गांधी के सबसे करीबी सहयोगी, परिवार के मित्र और 'अंकल' सैम पित्रोदा (जिन्होंने 1984 सिख नरसंहार पर 'हुआ तो हुआ' कहा था और भारतीयों पर नस्लभेदी टिप्पणी की थी), अब कहते हैं कि उन्हें पाकिस्तान में घर जैसा लगता है। यह चौंकाने वाली बात नहीं है, कांग्रेस को पाकिस्तान से अटूट प्रेम है।"
पूनावाला ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने हाफिज सईद से यासीन मलिक के ज़रिए बात किया, 26/11 मुंबई हमले, समझौता ब्लास्ट, पुलवामा और पहलगाम हमले जैसे मामलों में पाकिस्तान को क्लीन चिट दी और हमेशा पाकिस्तान के पक्ष में खड़ी हुई। उन्होंने कहा - "कांग्रेस पाकिस्तान को 80% पानी देती है, आर्टिकल 370, सिंदूर, सर्जिकल स्ट्राइक पर पाकिस्तान का एजेंडा आगे बढ़ाती है। यह कोई भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नहीं, बल्कि Islamabad National Congress है।"
बीजेपी ने पित्रोदा पर यह भी तंज कसा कि वे अमेरिका में रहते हैं, भारत से दूर रहते हैं, लेकिन पाकिस्तान में उन्हें अपनापन महसूस होता है। पूनावाला ने कहा - "जो नेता भारतीयों को बांटने की बात करते हैं और खुद अमेरिका में रहते हैं, उन्हें पाकिस्तान में घर जैसा लगता है। क्या किसी को अब आश्चर्य है?"
पित्रोदा के बयान से कांग्रेस पर एक और बोझ!
पित्रोदा कांग्रेस के लिए कोई नए विवाद का कारण नहीं बने हैं। इससे पहले भी उनके बयानों पर कई बार सियासी बवाल हो चुका है। बीजेपी इसे राहुल गांधी और कांग्रेस की पाकिस्तान नीति से जोड़ रही है और विपक्ष पर लगातार हमलावर है।
दिलचस्प ट्विस्ट यह है कि बीजेपी ने अब कांग्रेस को 'Islamabad National Congress' का टैग दे दिया है, जबकि कांग्रेस पित्रोदा के बयानों को व्यक्तिगत राय कहकर बचाव करती रही है। सवाल यह है कि क्या 2024 और अब 2025 की राजनीति में ऐसे बयान राहुल गांधी की रणनीति को कमजोर करेंगे या कांग्रेस इसे एक "बिना एजेंडा का विवाद" बताकर आगे बढ़ जाएगी?












Click it and Unblock the Notifications