कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा का विवादित बयान, कहा- पुलवामा जैसे हमले होते रहते हैं
Recommended Video

नई दिल्ली। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक पर सियासत अभी भी जारी है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख और राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाने वाले सैम पित्रोदा ने बालाकोट एयर स्ट्राइक में मारे गए आतंकियों की संख्या पर सवाल उठाए हैं। सैम पित्रोदा ने कहा, 'अगर वायुसेना ने 300 आतंकियों को मारा तो ठीक है लेकिन मैं बस ये कह रहा हूं कि आप मुझे कुछ और तथ्य देकर इसे साबित कर सकते हैं।' जबकि पुलवामा हमले पर भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने विवादित बयान दिया है।

एयर स्ट्राइक में क्या सच में 300 आतंकी मारे गए?
सैम पित्रोदा ने कहा, 'मैं और अधिक जानना चाहूंगा जैसा कि मैंने न्यूयॉर्क टाइम्स और अन्य समाचार पत्रों में पढ़ा है, हमने वास्तव में क्या हमला किया, हमने वास्तव में 300 लोगों को मारा? उन्होंने कहा कि अंतर्राष्टीय मीडिया का बालाकोट एयर स्ट्राइक पर कुछ और ही कहना है। वे एयर स्ट्राइक के असर पर कुछ और ही कह रहे हैं। ऐसे में वायुसेना के ऑपरेशन के बारे में भारत के लोगों को जानने का हक है क्योंकि अंतर्राष्टीय मीडिया कह रही है कि इस स्ट्राइक में कोई नहीं मारा गया।
पुलवामा जैसे हमले होते रहते हैं- पित्रोदा
सैम पित्रोदा ने कहा, 'एक नागरिक के तौर पर मुझे जानने का हक है और यदि मैं पूछ रहा हूं तो यह मेरा कर्तव्य है, इसका मतलब ये नहीं है कि मैं राष्ट्रवादी नहीं हूं। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं उस या इस तरफ हूं। हमें ये सारे तथ्य जानने चाहिए। यदि आप कहते हैं कि 300 लोग मारे गए तो मुझे वह जानना है। देश के लोगों को यह जानना चाहिए।'
'कुछ लोगों की गलती की सजा पूरे पाकिस्तान को देना ठीक नहीं'
पित्रोदा ने कहा कि मुझे पुलवामा हमले के बारे में ज्यादा पता नहीं है लेकिन ऐसे हमले हमेशा होते रहते हैं, मुंबई के ताज होटल और ओबेरॉय होटल में भी हमले हुए। हम भी उस वक्त प्रतिक्रिया दे सकते थे और अपने विमान भेज सकते थे लेकिन इस तरह से करना सही नहीं होता। उन्होंने मुंबई के 26/11 हमले का जिक्र करते हुए कहा कि कि आठ लोग आते हैं और कुछ करते है तो इसके लिए आप पूरे देश (पाकिस्तान) को दोषी नहीं ठहरा सकते हैं। कुछ लोग यहां आए और उन्होंने हमला किया इसके लिए पूरे देश को जिम्मेदार मानना बचकानी बात है।












Click it and Unblock the Notifications