काला हिरण मामला: सलमान खान ने कोर्ट में पेश किया था झूठा हलफनामा, अब 16 साल बाद मांगी माफी
Bollywood Hindi News: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान का विवादों से पुराना नाता रहा है। अब जोधपुर काले हिरण मामले में सलमान खान की मुश्किलें फिर से बढ़ गई हैं, क्योंकि उन्होंने सेशन कोर्ट में 2003 में एक झूठा हलफनामा पेश किया था, हालांकि मंगलवार को सुनवाई के दौरान उन्होंने इसके लिए माफी मांग ली। मामले में गुरुवार को कोर्ट अंतिम फैसला सुना सकती है।

दरअसल मंगलवार को जोधपुर सेशन कोर्ट में काला हिरण शिकार मामले में सुनवाई थी। इस दौरान सलमान खान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। उनके वकील हस्तीमल सारस्वत ने कोर्ट को बताया कि 8 अगस्त 2003 को शिकार मामले में सलमान खान की ओर से एक गलत शपथ पत्र पेश किया गया था। सलमान भूल गए थे कि उनका लाइसेंस नवीनीकरण के लिए दिया गया है, क्योंकि वो बहुत ज्यादा व्यस्त थे। इस वजह से उन्होंने उस दौरान बताया था कि उनका आर्म लाइसेंस खो गया है। इस गलत हलफनामे के लिए वो माफी मांगते हैं। साथ ही उम्मीद करते हैं कि कोर्ट उन्हें माफ कर देगा।
कैसे शुरू हुआ मामला?
सलमान खान को 1998 में काला हिरण शिकार मामले में गिरफ्तार किया गया। उस दौरान उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। साथ ही कोर्ट ने उन्हें आर्म लाइसेंस जमा करने के आदेश दिए। जिस पर सलमान ने कोर्ट ने बताया कि उनका लाइसेंस खो गया है। इसके बाद उन्होंने बांद्रा पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर भी दर्ज करवाई थी। बाद में पता चला कि उनका लाइसेंस नवीनीकरण के लिए गया है। जिस पर सरकारी वकील ने सलमान के ऊपर कोर्ट को गुमराह करने का आरोप लगाया था।
ये सितारे भी थे आरोपी?
'हम साथ-साथ हैं' फिल्म की शूटिंग के दौरान 2 अक्टूबर 1998 को सलमान खान ने दो काले हिरण का शिकार किया था। इस मामले में तब्बू, सोनाली बेंद्रे, नीलम और सैफ अली खान को भी आरोपी बनाया गया। साथ ही उन पर सलमान को उकसाने के आरोप लगे, हालांकि सलमान को छोड़ सभी सितारों को कोर्ट ने बरी कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications