Sajjan Kumar Death Reason: 1984 दंगे केस में दोषी सज्जन कुमार की कैसे हुई मौत? 8 साल से तिहाड़ में थे बंद
Sajjan Kumar Death Reason: 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार का गुरुवार (20 अगस्त) को 80 वर्ष की उम्र में दिल्ली में निधन हो गया। 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे।
तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बताया गया। हालांकि, अस्पताल की ओर से अभी उनकी मौत की सटीक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। आपको बता दें कि, 31 दिसंबर 2018 में दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें एक सिख परिवार के पांच सदस्यों की हत्या के मामले में दोषी ठहराया था।

8 साल से ज्यादा समय से जेल में थे
सज्जन कुमार को दिसंबर 2018 में दिल्ली हाई कोर्ट ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वह आपराधिक साजिश, दुश्मनी को बढ़ावा देने और सांप्रदायिक सद्भाव के खिलाफ कृत्यों समेत गंभीर आरोपों में दोषी पाए गए थे। 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों द्वारा हत्या के बाद दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी थी। दिल्ली में हुई इस हिंसा में हजारों सिख मारे गए थे।
2025 में एक और मामले में उम्रकैद
सज्जन कुमार को 2025 में 1 नवंबर 1984 को सरस्वती विहार इलाके में जसवंत सिंह और उनके बेटे तरुंदीप सिंह की हत्या से जुड़े मामले में भी दोषी ठहराया गया था। अदालत ने उन्हें दोनों को जिंदा जलाने वाली भीड़ का नेतृत्व करने, उनके घरों में लूटपाट और तोड़फोड़ से जुड़े अपराधों का दोषी माना था। इस मामले में भी उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
कई मामलों में हुई जांच और सुनवाई
1984 के दंगों से जुड़े मामलों में सज्जन कुमार के खिलाफ अलग-अलग FIR दर्ज हुई थीं। जनकपुरी में हिंसा भड़काने से जुड़े एक मामले में उन्हें 2026 की शुरुआत में बरी कर दिया गया था। वह इस मामले में अकेले आरोपी थे। विकासपुरी में सोहन सिंह और उनके दामाद अवतार सिंह की कथित हत्या से संबंधित मामला भी उनके खिलाफ चला। दोनों मामलों को मिलाकर 2022 में संयुक्त आरोपपत्र दाखिल किया गया था। हालांकि, 2023 में कुमार को विकासपुरी मामले में हत्या के आरोप से बरी कर दिया गया था।
1984 के मामलों की दोबारा शुरू हुई थी जांच
दंगों से जुड़े मामलों की समीक्षा के बाद 1990 में कई FIR दर्ज की गई थीं। बाद में 2015 में केंद्र सरकार ने गंभीर मामलों की दोबारा जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। SIT की जांच के बाद कई पुराने मामलों में नए सिरे से कार्रवाई हुई और आरोपपत्र दाखिल किए गए। सज्जन कुमार का नाम भी इन्हीं मामलों में प्रमुखता से सामने आया और लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें 1984 के दंगा मामले में दोषी ठहराकर आजीवन कारावास की सजा दी गई।
Who Was Sajjan Kumar: कौन थे सज्जन कुमार?
सज्जन कुमार दिल्ली की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे। वह कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल थे और तीन बार लोकसभा सांसद चुने गए। उन्होंने बाहरी दिल्ली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था। 2018 में दिल्ली हाई कोर्ट से दोषी ठहराए जाने के बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।
फिलहाल सबसे अहम सवाल उनकी मौत की वजह को लेकर है। अस्पताल ने अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल कारण नहीं बताया है। इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि सज्जन कुमार की मौत किस बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण हुई।


Click it and Unblock the Notifications
