राजधानी के पास जंग, यूक्रेन ने नागरिकों से कहा- पेट्रोल बम बनाओ, दुश्मन पर हमला करो
कीव, 25 फरवरी। यूक्रेन पर हमले के दूसरे दिन रूसी सेनाएं राजधानी कीव में घुस गई हैं। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है और लोगों से जंग में उतरने की अपील की है। इसके पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने देश के लोगों से हथियार उठाने का आग्रह किया था। जेलेंस्की ने कहा था कि जो भी हथियार उठाना चाहता है उसे हथियार दिया जाएगा। अब रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों से जंग में उतरने को कहा है।

कीव के पास पहुंची रूसी सेना
यूक्रेन के नागरिकों ने कई वीडियोज शेयर किए हैं जिसमें रूसी टैंक ओबोलोन में नजर आ रहे हैं। ओबोलोन कीव के पास का इलाका है। रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया है कि दुश्मन संसद से 9 किमी की दूरी पर है। रक्षा मंत्रालन ने सोशल मीडिया को रूस के खिलाफ जंग की ट्रेनिंग देने का जरिया भी बनाया है। मंत्रालय ने अपने ट्वीट में लोगों से पेट्रोल बम बनाकर दुश्मन पर हमला करने को कहा है।

'मोलोटोव कॉकटेल से करो हमला'
रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट में लिखा है "ओबोलोन में हम नागरिकों से साजो सामान (रूसी सैन्य मूवमेंट) की आवाजाही के बारे में सूचित करने की अपील करते हैं। मोलोटोव कॉकटेल बनाओ और हमलावरों को बेकार कर दो। शांतिपूर्ण निवासियों- सावधान रहो। घर को मत छोड़ना।"
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने ट्वीट कर लिखा, "हम देश की रक्षा के लिए किसी को भी हथियार देंगे। हमारे शहरों के चौकों में यूक्रेन का समर्थन करने के लिए तैयार रहें ... हम किसी को भी हथियार देंगे जो देश की रक्षा करना चाहता है।"

क्या है मोलोटोव कॉकटेल जिससे हमला करने को कहा जा रहा
मोलोटोव कॉकटेल पेट्रोल बम हैं जिन्हें बेहद आसानी से बनाया जा सकता है। इसके लिए एक कांच की बोतल लेनी होती है जिसमें कोई ज्वलनशील पदार्थ जैसे पेट्रोल या अल्कोहल डालकर इसके मुंह पर कपड़ा लगाया जाता है। फिर इसमें आग लगाकर लक्ष्य पर फेंक दिया जाता है। सोवियत नेता व्यचेसलाव मोलोटोव के नाम पर इसका नामकरण किया गया था। मोलटोव 1939-49 और 1953 से 56 तक सोवियत संघ के विदेश मंत्री रहे थे।

कीव के पास भीषण लड़ाई
रूसी हमले के दूसरे दिन यूक्रेन की राजधानी कीव के पास भीषण लड़ाई जारी है। रूसी सेना को राजधानी पर कब्जे से रोकने के लिए यूक्रेनी बल पूरी ताकत लगा रहे हैं। रूस की योजना शहर के बाहर स्थिति एक एयरफील्ड को कब्जा करने की है। अगर रूस यहां पर कब्जा कर लेता है तो उसके सैनिकों को उतरने और कीव में घुसने में बेहद आसानी होगी।












Click it and Unblock the Notifications