दलितों के घर खाना तो ठीक है उन्हें अपने घर बुलाना भी होगा: मोहन भागवत
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने भी दलितों के घर जाकर भोजन करने के पार्टी के अभियान पर अपनी प्रतिक्रिया करते हुए कहा है कि मैं तो दलितों को अपने घर बुलाकर भोजन कराती हू्ं
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में भाजपा के मंत्रियों और नेताओं का दलितों के घर जाकर रात्रिभोज करने का कार्यक्रम जारी है। इसी बीच संघ प्रमुख ने कहा है सिर्फ दलितों के घर जाकर खाना खाने से काम नहीं चलेगा। संघ सूत्रों के मुताबिक कुछ वक्त पहले दिल्ली में हुई संघ की एक आंतरिक बैठक में संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने समरसता अभियान पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हम अष्टमी के दिन दलित समाज की कन्याओं को तो अपने घर पर बुला कर पूजा कर लेते हैं, लेकिन क्या हम अपने घरों की कन्याओं को भी उनके घर पर भेजते हैं? संघ प्रमुख ने तब साफ कहा कि समरसता अभियान तभी सफल हो सकता है जब यह दोतरफा हो। यानी सिर्फ दलितों के घर जाकर खाने से काम नहीं चलेगा, उनका भी उसी तरह अपने घर पर स्वागत करना होगा।

इस बीच केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने भी दलितों के घर जाकर भोजन करने के पार्टी के अभियान पर अपनी प्रतिक्रिया करते हुए कहा है कि मैं तो दलितों को अपने घर बुलाकर भोजन कराती हूं और वह डायनिंग टेबल पर मेरे साथ बैठते हैं जिन्हें हमारे परिवार के लोग भोजन परोसते हैं। उन्होंने कहा है कि हम भगवान श्रीराम नहीं हैं जो दलितों के घर जाकर उन्हें पवित्र कर दें बल्कि दलित हमारे घर भोजन करके हमें पवित्र कर सकते हैं।
अब उम्मीद की जा सकती है कि जल्द ही भाजपा नेताओं और मंत्रियों के घरों पर दलितों को भोजन कराने का अभियान शुरू किया जायेगा। माना जा रहा है कि इसकी शुरुआत खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे जो दलितों के लिए जल्द ही भोज आयोजित कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications