किडनी ट्रांसप्लांट के बाद आज लालू प्रसाद यादव की वतन वापसी, रोहिणी आचार्य ने कहा- पापा का ख्याल रखना

किडनी ट्रांसप्लांट के बाद RJD के संरक्षक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद हिंदुस्तान लौट रहे हैं। लालू प्रसाद यादव की वतन वापसी की जानकारी सिंगापुर में रह रही उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है और लोगों से एक भावुक अपील भी की है। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि पापा भारत लौट रहे हैं, मैंने एक बेटी के रूप में अपना फर्ज अदा कर दिया है अब आप लोगों से उम्मीद करती हूं कि आप पापा का ख्याल रखेंगे। बता दें कि लालू प्रसाद यादव 11 फरवरी को भारत आ रहे हैं।
क्या कहा है रोहिणी आचार्य ने ?
बता दें कि सिंगापुर में लालू प्रसाद का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है और उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने पिता को किडनी डोनेट की है। कई महीनों तक सिंगापुर में रहने के बाद लालू प्रसाद यादव आज भारत लौट रहे हैं। रोहिणी आचार्य ने अपने पिता के भारत जाने की जानकारी ट्विटर पर साझा की है। उन्होंने अपने पिता के साथ एक फोटो पोस्ट करते हुए कहा है, "आप सबसे एक जरूरी बात कहनी है। यह जरूरी बात हम सबों के नेता आदरणीय लालू जी के स्वास्थ्य को लेकर है। 11 फरवरी को पापा सिंगापुर से भारत जा रहे हैं। मैं एक बेटी के तौर पर अपना फर्ज अदा कर रही हूं। पापा को स्वस्थ्य कर आप सब के बीच भेज रही हूं। अब आप लोग पापा का ख्याल रखियेगा।"
लालू से मिलने वाले लोगों को रखना होगा इन बातों का ध्यान
रोहिणी आचार्य ने एक अन्य ट्वीट में लिखा है,'पापा के लिए आपका प्यार असीम है। मैं अपनी तरफ से आप सभी से कहना चाहती हूं कि जब भी आप उनसे मिलें तो प्लीज सावधान रहें। जब आप मिलें तो मास्क पहनें और उनकी सेहत का ख्याल रखने में हमारी मदद करें।" रोहिणी आचार्य ने आगे कहा है कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद डॉक्टरों ने हमें सलाह दी है कि पापा को किसी भी तरह के संक्रमण से बहुत सावधान रहना होगा। डॉक्टरों का कहना है कि पापा को ज्यादा लोगों से नहीं मिलना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications