पीयूष गोयल पर रितेश देशमुख का पलटवार, आप 7 साल लेट हैं
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पूर्व मुख्यमंत्री बिलासराव देशमुख को लेकर बड़ा बयान दिया था, जिसपर उनके बेटे रितेश देशमुख ने पलटवार किया है। रितेश देशमुख ने बकायदा बयान जारी करके पीयूष गोयल को जवाब दिया है। रितेश देशमुख ने कहा कि यह सच है कि मैंने ताज और ओबरया होटल का मुआयना किया था, लेकिन यह बात झूठी है कि मैं उस वक्त वहां गया था जब वहां पर 26/11 के वक्त गोलीबारी चल रही थी, जैसा कि आपने दावा किया है।

रितेश देशमुख ने कहा कि यह भी सही है कि मैं अपने पिता के साथ वहां पर गया था, लेकिन यह झूठ है कि वह मुझे फिल्म में रोल दिलाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कभी भी किसी डायरेक्टर या प्रोड्यूसर से मुझे फिल्म में रोल दिलाने के लिए बात नहीं की। मुझे इस बात का गर्व है। आपको एक मुख्यमंत्री से सवाल खड़ा करने का पूरा अधिकार है, लेकिन यह पूरी तरह से गलत है कि आप किसी ऐसे व्यक्ति पर आरोप लगाएं जो खुद इसका बचाव नहीं कर सकता है। आप 7 साल लेट हैं, उन्होंने आपको जरूर जवाब दिया होता।
लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बता दें कि पीयूष गोयल ने शनिवार को कांग्रेस के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत विलासराव देशमुख पर हमला बोलते हुए कहा था कि जिस वक्त मुंबई हमला हुआ था उस वक्त देशमुख अपने बेटे को फिल्म में रोल दिलाने को लेकर चिंतित थे। गोयल ने यह बयान पंजाब के लुधियाना में लोगों को संबोधित करते हुए दिया है। उन्होंने कहा कि मैं मुंबई से आता हूं, आप 26/11 के हमले को नहीं भूल सकते हैं, उस वक्त तत्कालीन कांग्रेस सरकार बहुत कमजोर थी और हमलों के बाद कुछ भी नहीं कर सकी। जब होटल में गोलीबारी चल रही थी तो मुख्यमंत्री देशमुख अपने बेटे को रोल दिलाने के लिए फिल्म निर्माता को वहां ले गए थे, वह अपने बेटे को रोल दिलाने को लेकर ज्यादा चिंतित थे।












Click it and Unblock the Notifications