'बिना खाना-पानी के तिरुपति मंदिर तक पैदल चलने को मजबूर किया...', रेमंड के मालिक पर पत्नी का गंभीर आरोप
Raymond Gautam Singhania and wife Nawaz Modi:अरबपति उद्योगपति रेमंड के एमडी गौतम सिंघानिया की अलग हुईं पत्नी नवाज मोदी ने अब तलाक केस के बीच उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाया है। नवाज मोदी का दावा है कि, 'गौतम सिंघानिया ने उन्हें बिना भोजन और पानी के तिरुपति मंदिर तक पैदल चलने के लिए उन्हें मजबूर किया था। गौतम सिंघानिया भगवान वेंकटेश्वर के "बड़े भक्त" हैं क्योंकि वह धन के भगवान हैं"।
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नवाज मोदी का एक ऑडियो क्लिप सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि गौतम सिंघानिया ने कसम खाई थी कि अगर वह उनसे शादी करने के लिए राजी हो गईं तो सिंघानिया उनके साथ आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में तिरुपति मंदिर जाएंगे।

'मुझे मंदिर तक पैदल चलने को किया मजबूर...'
नवाज मोदी ने कहा है कि, गौतम सिंघानिया ने शादी के बाद उन्हें बिना भोजन-पानी के तिरुपति मंदिर पैदल ले गए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें पहाड़ी पर कठिन चढ़ाई करने के लिए मजबूर किया गया था।
गौतम सिंघानिया से अलग रह रहीं पत्नी नवाज मोदी ने आगे कहा, "गौतम सिंघानिया भगवान वेंकटेश्वर के इतने बड़े भक्त हैं और किसी अन्य भगवान की वो पूजा नहीं करते हैं...इसका कारण यह है कि वह पैसे के देवता हैं।"
तलाक के लिए गौतम सिंघानिया से 75 प्रतिशत हिस्सा मांगा नवाज मोदी ने
नवाज मोदी ने पहले गौतम सिंघानिया पर उन्हें और उनकी बेटी को लात और मुक्कों से मारने का आरोप लगाया था। नवाज मोदी ने कथित तौर पर तलाक के समझौते के रूप में गौतम सिंघानिया की संपत्ति का 75 प्रतिशत हिस्सा मांगा है।
इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में नवाज मोदी ने कहा था कि, उनकी चोटें इतनी गंभीर थीं कि जिस अस्पताल में वह गईं, उन्होंने उन्हें बताया कि उन्हें इंटरनल ब्लीडिंग हो रही थी।
रेमंड एमडी गौतम सिंघानिया की उम्र 58 वर्ष है। नवाज मोदी सॉलिसिटर नादर मोदी की बेटी हैं। गौतम सिंघानिया और नवाज मोदी ने 8 साल की डेटिंग के बाद 1999 में एक-दूसरे से शादी की थी। नवंबर 2023 की शुरुआत में नवाज और गौतम ने अलग-अलग रहने का फैसला किया है।
एक बयान में गौतम सिंघानिया ने अपनी दो बेटियों की खातिर अपने परिवार की गरिमा को बनाए रखने की इच्छा व्यक्त की और अपनी निजता का सम्मान करने की गुजारिश की है।
रेमंड के कर्मचारियों और बोर्ड के सदस्यों को हाल ही में एक आंतरिक मेल में, गौतम सिंघानिया ने कहा कि उन्होंने "मेरे निजी जीवन से संबंधित मामलों के बारे में" मीडिया में आई रिपोर्टों पर टिप्पणी नहीं करने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications