रतन टाटा के नाम एक और उपलब्धि, इस काम के लिए 'RSS' ने दिया 'सेवा रत्न' अवार्ड
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ी संस्था सेवा भारती ने रतन टाटा को 'सेवा रत्न' अवार्ड से नवाजा है।
रतन टाटा (Ratan Tata): टाटा संस के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा के नाम अब एक और उपलब्धि जुड़ गई है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ी संस्था सेवा भारती ने रतन टाटा को 'सेवा रत्न' अवार्ड से नवाजा है। सेवा भारती ने रतन टाटा को ये अवार्ड उनके परोपकार से जुड़े कार्यों के लिए दिया है। हालांकि किन्हीं वजहों से रतन टाटा शुक्रवार को आयोजित इस सम्मान समारोह में शामिल नहीं हो पाए। आपको बता दें कि इससे पहले हाल ही में रतन टाटा को पीएम केयर्स फंड के ट्रस्टी के तौर पर भी शामिल किया गया था।

इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, सेवा भारती ने कहा कि देश की ऐसी प्रतिष्ठित हस्तियों, जिन्होंने सामाजिक कार्यों में योगदान दिया है, या फिर फंड मुहैया कराया है, उन्हें हम सेवा रत्न सम्मान से सम्मानित कर रहे हैं। सेवा रत्न सम्मान पाने वाले लोगों में रतन टाटा के अलावा चलसानी बाबू राजेंद्र प्रसाद का नाम भी शामिल है। साथ ही 24 अन्य लोगों और संस्थाओं को भी समाज सेवा के कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रिटायर्ड) भी शामिल हुए।
कौन हैं रतन टाटा
1937 में मुंबई में जन्मे रतन टाटा ने 1991 में टाटा संस के चेयरमैन के तौर पर कमान संभाली और 28 दिसंबर 2012 तक इस पद पर रहे। रतन टाटा को अगर देश का सबसे सम्मानित बिजनेस टाइकून कहा जाए तो गलत नहीं होगा। दिग्गज उद्योगपति होने के अलावा रतन टाटा अक्सर अपने सामाजिक कार्यों को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरते हैं। भारत सरकार रतन टाटा को उनके कार्यों के लिए साल 2000 में पद्म भूषण और 2008 में पद्म विभूषण सम्मान से भी नवाज चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications