सिंधी रिवाज से शादी करेंगे दीपिका-रणवीर, नवंबर में रचाएंगे इस देश में ब्याह
मुंबई। बॉलीवुड के गलियारों में इन दिनों दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी की चर्चाएं जोरो पर हैं, हाल ही में खबर आई थी कि फिल्मी सिनेमा के ये दो नामचीन सितारे नवंबर महीने में परिणय सूत्र बंधन में बंध सकते हैं और अब खबर आ रही है कि इन दोनों ने सिंधी रिवाज से एक-दूसरे से शादी करने का फैसला किया है। दरअसल रणवीर सिंह सिंधी हैं और उनका पूरा नाम रणवीर सिंह भवनानी है। वेबसाइट Spotboye की छपी खबर के मुताबिक रणवीर सिंह के घरवाले चाहते हैं कि उनकी शादी सिंधी रिवाज से हो, इसलिए इस शादी के सारे कस्टम सिंधी ही होंगे, जिसमें 'सांथ प्रथा' भी शामिल हैं।

क्या है 'सांथ प्रथा'
ये सिंधी समुदाय की शादी के दौरान होने वाली खास प्रथा है, जिसमें दूल्हे के भाई, दोस्त और रिश्तेदार दूल्हे के सिर पर पहले काफी तेल लगाते हैं, उसके बाद दूल्हे के केवल दाहिने पांव में जूता पहनाया जाता है और इसके बाद दूल्हे से वो लोग जमीन पर रखे मटके को फोड़ने को कहते हैं और जब दूल्हा उसे फोड़ देता है तो सभी लोग मिलकर दूल्हे के कपड़े फाड़ते हैं। ये प्रथा काफी हंसी-मजाक वाली है।

इटली में शादी करेंगे दीपिका-रणवीर
खबर है कि इसी साल के नवंबर महीने में दीपिका-रणवीर, टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की, तरह इटली में ब्याह रचा सकते हैं। हालांकि अपनी शादी के बारे में खुलकर अभी दोनों में से कोई भी मीडिया में बयान नहीं दे रहा है। जो खबरें आ रही हैं उसके मुताबिक इटली में होने वाली शादी में दीपिका-रणवीर सिंह के परिवार के अलावा बेहद चुनिंदा दोस्त ही शामिल होंगे।

दोनों देंगे बाद में शादी की ग्रैंड पार्टी
शादी के बाद दोनों इंडिया में अपने दोस्तों-रिश्तेदारों को एक ग्रैंड रिसेप्शन देंगे। आपको बता दें कि साल 2013 में दीपिका और रणवीर सिंह के रिश्ते का खुलासा हुआ था। दोनों के एक साथ आने से पहले दोनों ही का ब्रेक-अप हो चुका था।

रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की हॉट है कमेस्ट्री
जहां दीपिका फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर के साथ प्रेम में गिरफ्तार थीं वहीं दूसरी ओर रणवीर सिंह का नाम अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ जुड़ा था लेकिन बाद में अनुष्का-रणवीर सिंह अलग हो गए तो वहीं दीपिका और रणबीर कपूर की राहें भी अलग हो गईं, हालांकि आज भी दीपिका के नेक पर रणबीर कपूर के नाम का टैटू है। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण भले ही खुलकर अपने प्यार की बातें लोगों से कहते नहीं हैं लेकिन दोनों हर पार्टी, इवेंट में साथ-साथ ही नजर आते हैं। दोनों ने साथ में तीन-तीन हिट फिल्में 'राम-लीला', 'बाजीराव मस्तानी' और फिल्म 'पद्मावत' दी हैं।












Click it and Unblock the Notifications