सुरजेवाला ने पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले टैक्स को बताया 'जजिया टैक्स', कहा- ये जनता की जेब पर डाका है
चंडीगढ़, नवंबर 06। दिवाली से एक दिन पहले केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में कटौती का ऐलान किया था, जिसके बाद राज्य सरकारों ने भी वैट में कटौती की थी, लेकिन पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर अभी भी सियासत जारी है। कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने हरियाणा में पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर खट्टर सरकार पर जोरदार हमला बोला है। सुरजेवाला ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की खट्टर सरकार तेल की कीमतों पर एक्साइज ड्यूटी और वैट नहीं बल्कि 'जजिया टैक्स' वसूल रही हैं। आपको बता दें कि 'जजिया टैक्स' इस्लामिक देशों में लगाई जाने वाली टैक्स प्रणाली है।

जजिया टैक्स आम आदमी का बजट बिगाड़ रहा है- सुरजेवाला
रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि इस 'जजिया टैक्स' ने आम आदमी के बजट को पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार का सारा ध्यान पैकेजिंग और जुमलेबाजी पर है, और वह जनता को कच्चे तेल की कीमतों का लाभ नहीं देना चाहती। सुरजेवाला ने एक बयान में कहा, 'मोदी-खट्टर सरकारों ने पेट्रोल-डीजल पर ताबड़तोड़ कर लगा कर जनता की जेब काटी है व 'जजिया कर' लगाकर बजट बिगाड़ दिया है।
हरियाणा में 18 प्रतिशत वैट वसूला जा रहा है- सुरजेवाला
सुरजेवाला ने आगे कहा है कि 2021 में ही केंद्र सरकार ने शुरू के 9 महीनों में पेट्रोल की कीमत में 28 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 26 रुपए लीटर की बढ़ोतरी कर दी है और फिर दिवाली से एक दिन पहले पेट्रोल पर 5 रुपए और डीजल पर 10 रुपए कम किए हैं, यह साफ तौर पर जनता के साथ धोखा है। सुरजेवाला ने कहा कि 2014 तक कांग्रेस के राज में डीजल पर वैट 8.8 प्रतिशत था और आज की तारीख में हरियाणा में 18 प्रतिशत वैट वसूला जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications