Ranchi Auto Strike: रांची में क्यों ऑटो और ई-रिक्शा वाले कर रहे हैं हड़ताल? यात्रियों को रही है परेशानी
Ranchi News: रांची में ऑटोरिक्शा कुछ सरकारी प्रतिबंधों के विरोध में गुरुवार (29 अगस्त) को प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसकी वजह से सड़कों पर ऑटोरिक्शा नहीं चल रहे थे। विभिन्न संगठनों ने गुरुवार से कैब एग्रीगेटर्स और सिटी बसों का परिचालन बंद करने का भी फैसला किया है। रांची में गुरुवार को यात्रियों और स्कूली छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बैटरी चालित ई-रिक्शा सहित ऑटोरिक्शा संघ निर्धारित मार्गों, परमिट जारी करने में कथित विसंगतियों और रांची जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान भारी जुर्माने जैसे कई मुद्दों के विरोध में 27 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।

यात्रियों से भारी भरकम किराया वसूल रहे ऑटो चालक
गुरुवार की सुबह कई स्कूलों के छात्र अपने अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलते देखे गए। रांची के दीपाटोली में एक निजी स्कूल में अपनी बेटी को छोड़ने के बाद एक अभिभावक बबीता देवी ने पीटीआई से कहा, "ऑटोरिक्शा की हड़ताल के कारण हमें बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैं और मेरी बेटी पिछले दो दिनों से छह किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल आ-जा रहे हैं।"
स्कूल जाने के लिए ऑटोरिक्शा का इस्तेमाल करने वाले छात्रों को पूरे शहर में ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल के कारण ट्रेन और बस यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीमित संख्या में चल रहे ऑटो यात्रियों से भारी भरकम किराया वसूल रहे हैं।
सीएनजी ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष ने क्या कहा?
राज्य सीएनजी ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष दिनेश सोनी ने कहा कि प्रशासन ने पूरे रांची शहर को चार जोन में बांटकर ऑटोरिक्शा के लिए 17 और ई-रिक्शा के लिए 113 रूट निर्धारित किए हैं। सोनी ने कहा, "ऑटो-रिक्शा और ई-रिक्शा संघों ने नए रूट चार्ट का विरोध किया है। हम नए रूट चार्ट को वापस लेना चाहते हैं।"
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने परमिट वाले ऑटोरिक्शा को भी तीन किलोमीटर तक ही चलने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा, "5,000 परमिट वाले ऑटोरिक्शा हैं, जबकि 12,000 गैर-परमिट वाले ऑटो हैं। परमिट की संख्या नहीं बढ़ाई जा रही है और अब किलोमीटर की सीमा भी कम कर दी गई है।"
इस बीच रांची यातायात विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शहर की सड़कों पर यातायात का बोझ कम करने और अक्सर लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications