बीजेपी संसदीय दल की बैठक में गूंजा राम मंदिर मुद्दा, राजनाथ बोले- धैर्य रखें
नई दिल्ली। बीजेपी संसदीय दल की मंगलवार को हुई बैठक में राम मंदिर मुद्दे की गूंज देखने को मिली। बैठक में पार्टी के कुछ सांसदों ने सवाल उठाया कि मंदिर निर्माण कब होगा? इस पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने उनसे कहा कि सभी ऐसा चाहते हैं, लेकिन धैर्य रखें। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश से पार्टी के सांसद रवीन्द्र कुशवाहा, हरिनारायण राजभर समेत कई सांसदों ने इस मुद्दे को बैठक में उठाया। ये सवाल उस समय उठाया गया जब राजनाथ सिंह पार्टी सांसदों को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान राजनाथ सिंह ने सांसदों को धैर्य रखने के लिए कहा।

मंगलवार को बीजेपी संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित नहीं थे, पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह भी बैठक में मौजूद नहीं थे। बैठक में पार्टी सांसदों ने राम मंदिर पर सवाल किया तो राजनाथ सिंह ने कहा कि सभी लोगों की इच्छा है कि अयोध्या में राम मंदिर बनें, हालांकि उन्हें धैर्य रखना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समेत कई हिन्दूवादी संगठन पिछले कुछ महीनों से राम मंदिर के जल्द निर्माण की मांग कर रहे हैं।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी राम मंदिर के लिए कानून बनाने पर जोर दिया। बीजेपी भी इन संगठनों की भावनाओं पर सहमति जताई है, पार्टी का मानना है कि राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए, हालांकि इसके समर्थन में कानून को लेकर स्थिति साफ नहीं की है। राम मंदिर मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में है। पूरे मामले पर राजनाथ सिंह ने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव में विपक्ष के सामने पीएम मोदी की लोकप्रियता के मुकाबले कोई चेहरा नहीं है। ऐसे में बीजेपी सांसद इस लोकसभा चुनाव में फिर से पार्टी की जीत के लिए काम करें।












Click it and Unblock the Notifications