Ram Mandir News: इस कांग्रेस सरकार का यू-टर्न? 22 जनवरी को मंदिरों में विशेष पूजा करवाने की तैयारी
Ram Mandir Ayodhya opening: कर्नाटक में सिद्दारमैया की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार अचानक बीजेपी की लाइन पर चलती नजर आने लगी है। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि वह 22 जनवरी को सभी हिंदू मंदिरों में विशेष पूजा करवाएगी।
ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस बात की जानकारी खुद कर्नाटक के धार्मिक बंदोबस्ती मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने दी है। अभी तक विपक्षी बीजेपी कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर राम मंदिर को लेकर नकारात्मक रुख अपनाने का आरोप लगाती रही है।

विशेष पूजा आयोजित करवाएगी कर्नाटक सरकार
रामलिंगा रेड्डी ने विशेष पूजा को लेकर कहा है, 'हम संक्रांति और दीपावली जैसे अवसरों पर मंदिरों में इस तरह की विशेष पूजा आयोजित करवाते हैं। अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन भी एक ऐसा ही अवसर है।'
हिंदू हजारों वर्षों से भगवान राम की पूजा करते आ रहे हैं- कांग्रेस सरकार
कर्नाटक के मंत्री ने कहा है कि हिंदू हजारों वर्षों से भगवान राम की पूजा करते आ रहे हैं और भगवान राम सबके हैं। सिद्धारमैया सरकार ने ऐसे समय में अयोध्या में भगवान राम लला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दिन मंदिरों में विशेष पूजा का आदेश दिया है, जब बीजेपी उसपर पुराने केस खुलवाकर 'कार सेवकों' की आवाज दबाने के आरोप लगा रही है।
'कांग्रेस ने राजनीतिक वजहों से नहीं किया राम के नाम का इस्तेमाल'
प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में नहीं बुलाए जाने संबंधी रिपोर्ट को लेकर रेड्डी ने आरोप लगाया है कि 'कांग्रेस ने कभी भी राजनीतिक वजहों से भगवान राम के नाम का इस्तेमाल नहीं किया है, लेकिन बीजेपी ऐसा कर रही है और उन्हें अपना बताने की कोशिश कर रही है।'
मुझे और सीएम को निमंत्रण नहीं मिला- कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री
इस बारे में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मीडिया को बताया है, 'न तो सीएम को और ना ही मुझे कोई निमंत्रण मिला है। मैंने अखबारों में पढ़ा है कि हमारे अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खड़गे) को निमंत्रण मिला है। इसपर पार्टी फैसला करेगी।'
'पवित्र अक्षत' के लिए अन्न भाग्य चावल इस्तेमाल होने की खुशी- शिवकुमार
उन्होंने कहा कि वे भगवान शिव और भगवान हुमान के चित्र अपने घर में रखेंगे और पूजा करेंगे। उन्होंने कहा, 'मुद्दे पर राजनीति करने की जरूरत नहीं है। आरएसएस और बीजेपी 'पवित्र अक्षत' वितरित कर रहे हैं। वे इसे बांट रहे हैं, लेकिन यह अन्न भाग्य चावल से बनाया गया है। हम इसकी वजह से बहुत खुश हैं।'
अन्न भाग्य योजना बीपीएल परिवारों के लिए चलाई जा रही राज्य सरकार की योजना है, जिसके तहत लाभार्थी परिवारों को हर महीने 10 किलो चावल देने का प्रावधान है।
लोकसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस सरकार का यू-टर्न?
इसी साल लोकसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस सरकार के बदले रवैए को देखने से लगता है कि वह बीजेपी की ओर से खुद को हिंदू-विरोधी और मुस्लिम-समर्थक पार्टी के रूप में पेश किए जाने की वजह से अपना नया नैरेटिव तैयार करना चाहती है।
हाल में 90 के दशक के एक कार सेवक की राज्य में गिरफ्तारी हुई थी। उसके बाद बीजेपी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। भाजपा के तेवर देखने के बाद कांग्रेस सरकार रक्षात्मक मुद्रा में आने लगी थी। अब उसने जो कदम उठाया है, उससे लगता है कि वह बीजेपी को इस मामले में पूरी तरह से काउंटर करने की ताक में है।












Click it and Unblock the Notifications