सजा के खिलाफ राम रहीम की याचिका पर सोमवार को सुनवाई करेगा पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट
नई दिल्ली। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बलात्कार के मामले में सीबीआई अदालत की सजा के फैसले को चुनौती देनी वाली अर्जी पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट सोमवार (9 अक्टूबर) को सुनवाई करेगा। दो साध्वियों से रेप के मामले में दोषी पाए जाने के बाद पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने राम रहीम को 20 साल की कैद की सजा सुनाई है। राम रहीम इस समय रोहतक जेल में सजा काट रहा है।

गुरमीत राम रहीम के वकील ने सीबीआई अदालत के 20 साल की सजा पर नाखुशी जाहिर करते हुए हाईकोर्ट का रुख किया है और सजा पर पुनर्विचार के लिए याचिका दाखिल की है। गुरमीत के वकील ने याचिका दाखिल करने के बाद कहा था कि उन्होंने कहा कि कई आधारों पर सीबीआई अदालत के फैसले को चुनौती है, जिसमें एक आधार यह है कि घटना के बाद सीबीआई ने महिलाओं के बयान दर्ज करने में छह साल की देरी क्यों की। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने दावा किया है कि दोनों महिला अनुयायियों का 1999 में यौन उत्पीड़न किया गया और एजेंसी ने 2005 में बयान दर्ज किया।
राम रहीम को 25 अगस्त को दोषी पाए जाने और फिर 28 अगस्त को सजा सुनाए जाने के बाद डेरा सच्चा सौदा से जुड़े लोगों ने लगातार इसे गुरमीत के साथ नाइंसाफी कहा है। सजा सुनाए जाने के बाद ही डेरा से जुड़े लोगों ने सजा के खिलाफ अपील की बात कही थी। डेरा समर्थकों का कहना है कि गुरमीत निर्दोष है और उसे फंसाया जा रहा है। आपको बता दें कि गुरमीत के खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले हैं। रेप के मामले में वो दोषी ठहराया जा चुका है, जबकि हत्या और साधुओं को नपुंसक बनाने के मामले में जांच चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications