रामगोपाल यादव बोले, अखिलेश से पूछूंगा- 'बाहरी लोग' किसे कहा?
लखनऊ। यूपी की समाजवादी सरकार और मुलायम के कुनबे में मचे घमासान के बीच सपा सांसद रामगोपाल यादव सुलह की कोशिश के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने लखनऊ पहुंचे हैं।

रामगोपाल यादव ने लखनऊ पहुंचकर कहा कि समाजवादी पार्टी में किसी भी तरह का कोई संकट नहीं है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि सरकार में कोई गलतफहमी हुई हो, लेकिन कलह जैसा कुछ भी नहीं है।
सपा सांसद ने कहा कि वे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे। साथ ही उऩ्होंने कहा कि अखिलेश ने 'बाहरी लोग' शब्द किसके लिए प्रयोग किया, यह भी उनसे पूछेंगे।
रामगोपाल यादव ने कहा कि किसी भी राज्य का मुख्यमंत्री अपने स्तर पर कुछ फैसले ले सकता है। यह स्वाभाविक है। कुछ मुद्दों को लेकर मामूली मतभेद पैदा हो सकते हैं, जिनका हल निकाला जाएगा।
इससे पहले तीन अहम विभाग छीने जाने से नाराज शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी में मची अंदरूनी कलह पर कहा कि किसी के प्रति कोई नाराजगी नहीं है।
शिवपाल ने कहा, 'मैं नेता जी (मुलायम सिंह यादव) के निर्देश चाहता था और मुझे मिले भी हैं। हमें पार्टी में सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना है।'
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से टकराव के मुद्दे पर उन्होंने कहा, 'कोई नाराजगी नाराजगी नहीं थी, जो जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और नेताजी देंगे उसका पालन करना है। ये उनका अधिकार है।'
गौरतलब है कि अखिलेश यादव की ओर से अपने करीबी मंत्रियों और फिर मुख्य सचिव को हटाए जाने पर शिवपाल नाराज थे। उन्होंने पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव से इसकी शिकायत भी की थी।
इसके बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से पार्टी प्रदेश अध्यक्ष का पद छीनकर शिवपाल यादव को नया अध्यक्ष बनाया गया। इससे नाराज अखिलेश यादव ने कुछ ही घंटों के अंदर शिवपाल से तीन अहम विभाग छीन लिए।












Click it and Unblock the Notifications