उत्तर प्रदेश में 11 सितंबर को होगा राज्यसभा का उपचुनाव, अमर सिंह के निधन से खाली हुई थी सीट
नई दिल्ली: हाल ही में राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन हो गया था। वो लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। सिंगापुर में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की वजह से उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई थी। जिस पर अब चुनाव आयोग ने उपचुनाव करवाने का फैसला लिया है। साथ ही इसको लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक राज्यसभा के सदस्य अमर सिंह के निधन से जो सीट खाली हुई है, उस पर 11 सितंबर को उपचुनाव करवाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इन दिनों पूरे देश में कोरोना का संक्रमण फैला हुआ है, जिस वजह से चुनाव के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाएगा। वहीं राज्यसभा उपचुनाव के ऐलान के साथ उत्तर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
कोरोना काल में हो चुका है राज्यसभा चुनाव
कोरोना वायरस की वजह से इन दिनों तमाम राजनीतिक गतिविधियां ठप हैं लेकिन जून में देश के 10 राज्यों की 24 सीटों पर राज्यसभा चुनाव हुए थे। कोरोना काल में ये चुनाव लोकसभा चुनाव से आसान हैं, क्योंकि इसमें मतदाता सिर्फ विधायक रहते हैं और इनकी संख्या भी ज्यादा नहीं रहती। ऐसे में आसानी से सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य प्रोटोकॉल के साथ चुनाव हो जाते हैं। वहीं दूसरी ओर लोकसभा या फिर विधानसभा सीट के उपचुनाव में लाखों मतदाता रहते हैं, जिस वजह से कोरोना काल में चुनाव करवाना मुश्किल होगा।












Click it and Unblock the Notifications