चीन मुद्दे पर बोले राजनाथ सिंह- बातचीत चल रही है लेकिन कहां तक हल निकलेगा इसकी कोई गारंटी नहीं
लेह। भारत चीन सीमा विवाद के बीच शुक्रवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर लद्दाख पहुंचे। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और थल सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवाने भी उनके साथ मौजूद हैं। रक्षा मंत्री यहां एलएसी पर सुरक्षा हालात का जायजा लिया और जवानों को संबोधित किया। जवानों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि, राष्ट्रीय स्वाभिमान सबसे ऊपर होता है। हम अपने राष्ट्रीय स्वाभिमान से समझौता नहीं कर सकते हैं।
Recommended Video

राजनाथ सिंह ने कहा कि, अगर किसी ने हमारे स्वाभिमान पर चोट पहुंचाने की कोशिश की तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। आज आपसे मिलकर मुझे खुशी हो रही है तो मन में एक पीड़ा भी है, हाल ही में भारत और चीन सैनिकों के बीच जो भी कुछ हुआ, उसमें हमारे कुछ जवानों ने अपना बलिदान देते हए अपनी सीमा की रक्षा की। उन्हें खोने का गम और आपसे मिलने की खुशी है, मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि, भारत और चीन की सेना के जवानों के बीच हाल में जो कुछ हुआ मैं ये कह सकता हूं कि आप लोगों ने केवल भारत की सीमा की सुरक्षा नहीं की है बल्कि 130 करोड़ भारतवासियों के सम्मान की सुरक्षा भी की है। हम अशांति नहीं चाहते,शांति चाहते हैं। हमने कभी दुनिया के किसी देश के स्वाभिमान पर चोट पहुंचाने की कोशिश नहीं की,लेकिन अगर दुनिया की कोई ताकत हमारे स्वाभिमान पर चोट पहुंचाने की कोशिश करेगी उसे हम किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि, इस समय सीमा विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत का दौर चल रहा है। मामला हल होना चाहिए, लेकिन कहां तक हल होगा इसकी अभी मैं कोई गारंटी नहीं दे सकता हूं। मैं इतना यकीन दिलाना चाहता हूं कि भारत की एक इंच जमीन को भी दुनिया की कोई ताकत छू नहीं सकती, उस पर कब्जा नहीं कर सकती है। हम सीमा पर दुश्मनों की किसी भी हिमाकत का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सेना के जवानों से बातचीत के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कुछ जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई।












Click it and Unblock the Notifications