लश्कर के अलावा और कौन से आतंकी संगठनों से राजनाथ को खतरा
नई दिल्ली। गृहमंत्री राजनाथ सिंह आज पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होने वाली सार्क देशों के मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। तीन और चार अगस्त तक राजनाथ सिंह इस्लामाबाद में होंगे। पाकिस्तान में मौजूद आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की ओर से पहले ही धमकी दी जा चुकी है। वहीं इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों की मानें जो राजनाथ सिंह को एक नहीं बल्कि चार आतंकी संगठनों से जान का खतरा है।

कौन हैं ये चार आतंकी संगठन
आईबी सूत्रों के मुताबिक लश्कर-ए-तैयबा के अलावा जैश-ए-मोहम्मद, तालिबान और अल-कायदा जैसे आतंकी संगठनों से राजनाथ सिंह की जान को खतरा है। वहीं इस्लामाबाद में राजनाथ सिंह की मौजूदगी और उन पर मौजूद खतरे को लेकर भारत की ओर से पहले पाक से उन्हें कड़ी सुरक्षा देने का संदेश दिया जा चुका है। पाकिस्तान की ओर से भी भारत को राजनाथ सिंह की सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया गया है।
हाफिज सईद ने दी है धमकी
पिछले दिनों लश्कर चीफ हाफिज सईद की ओर से धमकी दी गई थी कि राजनाथ सिंह कश्मीर में लोगों के कातिल हैं और उनके पाक आने पर उनका विरोध किया जाएगा। इसके भारत ने पाकिस्तान को अपनी चिंताओं से अवगत करा दिया था। भारत की ओर से पाक को साफ कर दिया गया था कि राजनाथ सिंह की सुरक्षा उसके लिए सर्वोच्च होनी चाहिए।
इस्लामाबाद में कश्मीर पर 'नो डिस्कशन'
दूसरी ओर सूत्रों की मानें तो राजनाथ सिंह अपने इस्लामाबाद दौरे पर कश्मीर का मुद्दा नहीं उठाएंगे। वह सीमा पार से बढ़ते आतंकवाद के अलावा क्षेत्र में मौजूद अस्थिरता का जिक्र जरूर करेंगे।
गृहमंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक कश्मीर, भारत का आतंरिक मामला है और इसलिए ही राजनाथ सिंह इस मुद्दे पर चर्चा नहीं करेंगे।
भारत इस सार्क सम्मेलन के जरिए साफ कर देना चाहता है कि कश्मीर भारत का मसला है और वह इसे अपने तरीके से हल करना चाहेगा। हालांकि पाक से कश्मीर में जारी घुसपैठ पर जरूर बात होगी।












Click it and Unblock the Notifications