गाली दी या नहीं? रजत शर्मा ने अब कांग्रेस नेता रागिनी नायक के खिलाफ उठाया बड़ा कदम, 100cr का मांगा हर्जाना
Rajat Sharma Ragini Nayak: देश के जाने-माने पत्रकार रजत शर्मा पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक और कुछ अन्य नेताओं ने इंडिया टीवी के लाइव डिबेट में 'गाली' देने का आरोप लगाया है। रागिनी नायक ने 4 जून के डिबेट का वीडियो शेयर कर ये दावा किया है कि रजत शर्मा ने उन्हें 'अपशब्द' कहे हैं।
इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने इस मामले में कांग्रेस नेता रागिनी नायक, जयराम रमेश और पवन खेड़ा के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। रजत शर्मा ने मानहानि के लिए 100 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है।

रजत शर्मा गाली विवाद पर दिल्ली हाई कोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली हाई कोर्ट में शुक्रवार (14 जून) को इस मामले पर सुनवाई हुई थी। दिल्ली हाई कोर्ट की न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा ने रजत शर्मा द्वारा अंतरिम राहत की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। रजत शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर मानहानि करने के लिए 100 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है।
रजत शर्मा ने वकील ने कहा- 4 जून की घटना, तो वीडियो 10 जून को क्यों शेयर किया गया?
दिल्ली हाई कोर्ट में रजत शर्मा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनिंदर सिंह पेश हुए थे। उन्होंने सुनवाई के दौरान तर्क दिया कि, लोकसभा चुनाव के नतीजे के दिन यानी 4 जून 2024 को टीवी पर डिबेट हुई था। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इसे 10 जून को इसके बारे में ट्वीट करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने इसमें अपशब्द जोड़ दिए, जिनका कभी इस्तेमाल नहीं किया गया था।
'जब-तक वो वीडियो सोशल मीडिया पर है, मुझे गालियां मिलती रहेंगी', रजत शर्मा की ओर से बोले वकील
रजत शर्मा की ओर से दलील देते हुए अधिवक्ता मनिंदर सिंह ने कहा,
''मेरे मुवक्किल (रजत शर्मा) ने कहा है, ''मैं किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ नहीं हूं। मैं अपना पेशेवर काम कर रहा हूं। ये आरोप स्पष्ट रूप से झूठे हैं और उनके द्वारा गढ़े गए हैं। यह एक क्लासिक और फिट मामला है, इसे तुरंत सोशल मीडिया से हटाने की जरूरत है। जब तक यह सोशल मीडिया पर है, लोग मुझपर आरोप लगाते रहेंगे, मुझे गालियां मिलती रहेंगी।''

रागिनी नायक ने भी दर्ज कराई है FIR
दिल्ली हाई कोर्ट की सुनवाई पर अब तक रागिनी नायक ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि रागिनी नायक ने इस मामले पर दिल्ली के तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करवाई है। एफआईआर में रागिनी नायक ने कहा है कि, 'रजत शर्मा ने 4 जून को सुबह 11 बजे लाइव शो के दौरान उन्हें अपशब्द कहे हैं। जिससे उनकी गरिमा का अपमान हुआ है।'
कई सोशल मीडिया हैंडल ने लोकसभा चुनाव के नतीजों के दिन इंडिया टीवी पर एक चर्चा का वीडियो क्लिप पोस्ट किया था, जिसमें दावा किया गया था कि रजत शर्मा ने कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।
रागिनी नायक ने भी इन वीडियो को शेयर कर रजत शर्मा पर आरोप लगाए हैं। रागिनी नायक ने इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी किया था, जहां वो भावुक हो गई थीं। उनकी रोते हुए वीडियो भी वायरल हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications