रेप पीडि़ता के साथ तफरी के मूड में दिखीं महिला आयोग की अध्यक्ष, थाने में ली सेल्फी
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। राजस्थान के अलवर में पिछले हफ्ते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। खबर थी एक विवाहिता पर उसके ससुरालियों द्वारा किए गए जुल्मों की। जिसमें उसके साथ पति की शह पर गैंगरेप करते हुए उसके हाथ और माथे पर लिख दिया गया था 'मेरा बाप चोर है।' एक तरफ जहां उसे इंसाफ का इंतजार है वहीं दूसरी तरफ उससे मिलने पहुंची राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्षा ने कुछ ऐसा किया जिससे ऐसा लगा कि पीडि़ता कोई नुमाइश की चीज हो।

जी हां पीडि़ता का हालचाल जानने अपनी पूरी टीम के साथ पहुंची राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्षा उसके साथ सेल्फी लेती पाई गईं। तस्वीरें जब वायरल हो गईं तो अध्यक्षा ने अजीबो-गरीब सफाई दी। उन्होंने कहा कि पीड़िता को सामान्य कराने के लिए ऐसा किया गया। जानकारी के मुताबिक यह सेल्फी जयपुर के महिला थाने में ली गई। पीड़िता के साथ सेल्फी लेने वाली राजस्थान महिला आयोग की सदस्य सौम्या गुर्जर हैं, जबकि सेल्फी में राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा मुस्करा रही है।
इस दौरान दोनों खूब खिलखिलाकर पीड़िता से बातचीत कर रही थीं। आयोग की दोनों सदस्यों का यह संवेदनहीन रवैया पूरे आयोग को कटघरे में खड़ा करने वाला है, क्योंकि जब उन्हें पीड़िता के साथ संवेदना बरतते हुए उसके दुख को कम करने का प्रयास करना चाहिए था तब वह तफरी के मूड़ में दिखीं।












Click it and Unblock the Notifications