राजस्थान: नागौर से भाजपा विधायक हबीबुर्रहमान कांग्रेस में शामिल
जयपुर। राजस्थान में एक और भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। भाजपा विधायक हबीबुर्रहमान बुधवार को यहां कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। नागौर से भाजपा विधायक रहमान को भाजपा के प्रत्याशियों की पहली सूची में जगह नहीं दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने भाजपा को अलविदा कह दिया और कांग्रेस की सदस्यता ले ली।

रहमान ने बताया घर वापसी
हबीबुर्रहमान ने कांग्रेस में शामिल होने को अपनी घर वापसी बताया है। 2008 में भाजपा में शामिल होने से पहले रहमान कांग्रेस में ही थे। हबीबुर्रहमान ने जयपुर में कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन रघु शर्मा की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। हबीबुर्रहमान ने भाजपा की सदस्यता और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया है। बीजेपी ने हबीबुर्रहमान का टिकट काटते हुए नागौर से मोहनराम चौधरी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

पिछली दफा भाजपा के टिकट पर जीते थे हबीबुर्रहमान
पिछले चुनाव में बीजेपी ने तीन मुस्लिम उम्मीदवीरों को टिकट दिए थे। नागौर से हबीबुर्रहमान और डीडवाना से यूनुस खान भाजपा के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। यूनुस खान वसुंधरा सरकार में मंत्री भी हैं। इस बार अब तक भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार पर पार्टी ने भरोसा नहीं जताया है।

भाजपा सांसद हरीश मीणा भी कांग्रेस में शामिल
दौसा से भाजपा सांसद हरीश मीणा भी बुधवार को कांग्रेस के चुनाव प्रभारी अविनाश पांडे, पूर्व सीएम अशोक गहलोत और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट की मौजूदगी में कांग्रेस ज्वॉइन कर ली। राजस्थान के पूर्व डीजपी रह चुके हरीश मीणा का इस्तेमाल कांग्रेस किरोड़ीलाल मीणा की काट के तौर पर करेगी, जो हाल में भाजपा में शामिल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications