सलमान के खिलाफ राजस्थान सरकार की सुप्रीम कोर्ट से तत्काल सुनवाई करने की अपील
हाई कोर्ट ने किया था सलमान को बरी। राजस्थान सरकार फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट गई।
दिल्ली। चिंकारा शिकार केस में सलमान खान के खिलाफ राजस्थान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से तत्काल सुनवाई करने की अपील की है।
इस केस में फैसला देते हुए राजस्थान हाई कोर्ट ने सलमान खान को बरी कर दिया था। बुधवार को राजस्थान सरकार ने हाई कोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

25 जुलाई को सलमान हुए थे बरी
चिंकारा शिकार से जुड़े दो मामलों में हाई कोर्ट ने 25 जुलाई को सलमान खान के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उनको सभी आरोपों से मुक्त कर बरी कर दिया था।
1998 में जोधपुर में हुए चिंकारों के शिकार के मामले में हाई कोर्ट का कहना था कि मृत जानवरों के शरीर से मिली गोलियां सलमान खान के लाइसेंसी गन से फायर नहीं की गई थीं।
हाई कोर्ट ने अपने फैसले में लोअर कोर्ट के निर्णय को पलट दिया था।
लोअर कोर्ट ने ठहराया था सलमान को दोषी
2006 में लोअर कोर्ट ने चिंकारा शिकार केस में सलमान खान को दोषी ठहराते हुए पांच साल जेल की सजा सुनाई थी। इस सजा के बाद सलमान खान को 13 दिन तक जेल की हवा खानी पड़ी थी।
क्या है मामला?
जोधपुर इलाके के भावड़ इलाके में 26 सितंबर को एक चिंकारा का शिकार हुआ था और 28 सितंबर को घोड़ा फार्म्स के पास दूसरे चिंकारे को मारा गया था। इन इलाकों में उस समय फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग चल रही थी जिसमें सलमान खान हीरो थे।
चिंकारा की प्रजाति खतरे में होने की वजह से इसे वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत उच्च स्तर की सुरक्षा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications