राजस्थान में कई जगह EVM खराब, मोदी सरकार के मंत्री को घंटों लाइन में करना पड़ा इंतजार
नई दिल्ली। राजस्थान में विधानसभा की 199 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। इस दौरान कई जगहों से ईवीएम खराब होने की खबरें आई हैं और इस कारण वहां मतदान पुन: शुरू होने में देरी हुई है। ईवीएम खराब होने के कारण वोट करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री को बूथ के बाहर 2 घंटे से अधिक समय तक लाइन में इंतजार करना पड़ा। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल बीकानेर में आज सुबह वोट करने के लिए पहुंचे थे।

बीकानेर पूर्व में बूथ नंबर 172 पर ईवीएम खराब होने के कारण लंबी लाइन लगी हुई थी और इस कारण केंद्रीय मंत्री को 2 घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। अर्जुन मेघवाल सुबह 8 बजे से ही लाइन में खड़े होकर ईवीएम के बदले जाने का इंतजार कर रहे थे। फिलहाल, बीकानेर के पोलिंग बूथ नंबर 172 पर ईवीएम बदल दी गई है। ईवीएम खराब होने के कारण यहां मतदान प्रभावित हुआ है।
जयपुर, कोटा, बाड़मेर, रावतसर और झुंझनू समेत कई जिलों में करीब 30 ईवीएम खराब होने की खबरें हैं। चुनाव अधकारियों का कहना है कि जहां मशीन खराब होने की सूचना है, उन्हें तुरंत बदला जा रहा है।
कई जिलों में ईवीएम खराब होने की खबरें
बीकानेर ही नहीं, जालौर जिले में पोलिंग बूथ नंबर 253 और 254 पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान रुक गया, यहां वोटरों ने काफी हंगामा भी किया। बीकानेर के ही किसमिदेसर स्थित पोलिग बूथ संख्या 172 में खराब हुई ईवीएम को बदला गया है। वहीं, कांग्रेस ने भी ईवीएम खराब होने की खबरों पर बीजेपी पर निशाना साधा। बता दें कि मतदान के लिए दो लाख से ज्यादा ईवीएम के साथ पूरे राज्य में वीवीपैट मशीनों का उपयोग पहली बार हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications