Rajasthan: विधायकों की खरीद-फरोख्त का ऑडियो सामने आने पर कांग्रेस ने की FIR की मांग, केंद्रीय मंत्री पर लगाए संगीन आरोप
नई दिल्ली। राजस्थान के सियासी संग्राम में कांग्रेस विधायक का ऑडियो टेप सामने आने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता रणदीप सुरेजवाला ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कल चौंकाने वाला ऑडियो टेप सामने आया है, जिसमे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा नेता संजय जैन और कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा रजास्थान की सरकार को गिराने के लिए विधायकों को घूस देने के बारे में बात कर रहे हैं।

Recommended Video
सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस ने भवर लाल शर्मा को सस्पेंड कर दिया है और विश्वेंद्र सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी है। इसके साथ ही पार्टी की ओर से इन लोगों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। इसके साथ ही सुरजेवाला ने कहा कि हम राजस्थान सरकार और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप से मांग करते हैं कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाए और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, इन लोगों क खिलाफ कई सबूत अब सामने आ चुके हैं। सुरजेवाला ने कहा कि सचिन पायलट खुद सामने आकर लोगों के सामने इन आरोपों पर सफाई देनी चाहिए। सुरजेवाला ने मांग की है कि कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा और भाजपा नेता संजय जैन दोनों के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए। इसके साथ ही इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि विधायकों को घूस देने के लिए कहां से काला धन लाया गया जोकि इन्हें दिया जाना था।
बता दें कि कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा का ऑडियो टेप सामने आया था, जिसमे विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर बात हो रही है। लेकिन भंवर लाल शर्मा ने खुद एक वीडियो जारी करके इस टेप को फर्जी बताया और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके ओएसडी पर हमला बोला है।
वहीं इस ऑडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा ने खुद वीडियो जारी करके कहा कि मेरा जो ऑडियो वायरल हुआ है, वह कतई फर्जी है और मुख्यमंत्री का ओएसडी लोकेश शर्मा धीरे-धीरे विधायकों को दबाव में ले रहा है। मुख्यमंत्री हताशा में है तो ये फर्जी ऑडियो तैयार कराकर विधायकों को भेजता है, विधायकों के लिए फर्जी ऑडियो तैयार कराते हैं। ये ना तो मेरी आवाज है, ना मेरी किसी से वार्ता हुई है, यह ऑडियो फर्जी है।












Click it and Unblock the Notifications