दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार में बारिश से मौसम सुहाना
दिल्ली/लखनऊ/पटना। देश की राजधानी दिल्ली व एनसीआर में सोमवार सुबह हल्की बारिश हुई। वहीं उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित कई हिस्सों में झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। उधर बिहार में भी पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश हुई है। सबसे पहले बात करते हैं दिल्ली की।

दिल्ली में सोमवार को फुहारें पड़ीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, "आसमान सोमवार को आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। न्यूनतम तापमान सुबह आठ बजे 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।"वातावरण में आद्र्रता 79 फीसदी दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं।
वहीं लखनऊ सहित यूपी के अन्य हिस्सों में सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी राज्य में रुक-रुककर तेज बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में घने बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर तेज बारिश होने की संभावना है।

बारिश की वजह से रविवार को अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान है। लखनऊ के अलावा सोमवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का 21 डिग्री, गोरखपुर का 22 डिग्री, इलाहाबाद का 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर बिहार में पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह बादल छाए हुए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।

मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार, पटना का सोमवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। भागलपुर का सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री तथा गया का 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications