रोजगार के मुद्दे पर राहुल का पीएम पर वार, कहा- सिर्फ खोखले वादे करना जानती है मोदी सरकार
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कोरोना वायरस संकट, बेरोजगारी, किसानों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं को लेकर लगातार निशाना साध रहे हैं। राहुल ने गुरुवार को अखबार में छपी एक रिपोर्ट को शेयर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर हमला किया है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में नौकरियां घटने लगीं। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'रोजगार की कमी एक ऐसी राष्ट्रीय आपदा है जो गहराती जा रही है। मोदी सरकार सिर्फ़ खोखले वादे करना जानती है, समाधान करना नहीं।'
Recommended Video

राहुल गांधी ने अखबार की खबर को किया शेयर
हिंदुस्तान अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना महामारी के दौरान देश में हुए अनलॉक में पिछले महीने नई नौकरियों की तादाद घट गई हैं। नेशनल करियर सर्विस पोर्टल का हवाला देते हुए बताया कि रजिस्टर की गई महीनेवार एक्टिव वैकेंसी के आंकड़ों में सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में करीब 60 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है। सरकारी पोर्टल पर सितंबर महीने में देशभर में 73 हजार 416 एक्टिव नौकरियां जुड़ी थीं, जबकि अक्टूबर में ये आंकड़ा घटकर 28 हजार 618 पर आ गया है। इसके अलावा पिछले महीनों की एक्टिव नौकरियों में भी गिरावट दर्ज की गई है।
अलग-अलग राज्यों में हालात बदले
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीनों की भी मिलाकर सितंबर में इस वित्त वर्ष की कुल एक्टिव नौकरियां 1.68 लाख थी, जो अक्टूबर में घटकर 69 हजार 263 हो गई हैं। नई नौकरियों के मामले में अलग-अलग राज्यों में भी हालात पहले के मुकाबले काफी बदल गए हैं। बता दें, राहुल गांधी ने इससे पहले भी मोदी सरकार पर रोजगार के मुद्दे पर अनदेखी करने का आरोप लगाते रहे हैं। बुधवार को बिहार में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि पिछले वादे पूरे नहीं करने वाले ये नेता अब चुनाव में लोगों से वोट मांग रहे हैं। मधेपुरा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि छह साल पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार दिलवाएंगे, मिला? नीतीश कुमार ने कहा था बिहार को बदल दूंगा, लेकिन क्या बिहार बदला?












Click it and Unblock the Notifications