'देश का राजा कैसा हो, Rahul Gandhi जैसा हो' नारे पर बोले नेता विपक्ष, 'मैं इस विचार के ही खिलाफ लड़ रहा हूं'
Rahul Gandhi News: कांग्रेस पार्टी के वार्षिक लीगल कॉन्क्लेव 2025 में राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भी आयोग ने धांधली की है। इस दौरान पार्टी के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और कहा, 'देश का नेता कैसा हो, राहुल गांधी जैसा हो' के नारे भी लगाए। लोकसभा में नेता विपक्ष ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वह राजा के इस विचार में ही विश्वास नहीं करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजा के इस विचार और प्रवृत्ति के खिलाफ ही उनकी लड़ाई है।
समर्थकों की नारेबाजी पर कांग्रेस सांसद ने कहा, 'मैं राजा नहीं हूं और राजा बनना भी नहीं चाहता हूं। मैंने हमेशा कहा है और एक बार फिर इसे दोहरा देता हूं कि राजा के कॉन्सेप्ट के ही खिलाफ हूं।' राहुल गांधी ने आगे कहा कि उनकी लड़ाई लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए है, क्योंकि लोकतंत्र में हर व्यक्ति बराबर होता है और किसी को भी राजा बनाने की सोच सही नहीं है।

Rahul Gandhi ने कहा, 'वकीलों का आजादी की लड़ाई में बड़ा योगदान'
राहुल गांधी ने कहा कि वकीलों ने आजादी की लड़ाई में बड़ी भूमिका निभाई थी और कांग्रेस पार्टी की नींव भी वकीलों ने ही रखी है। उन्होंने इस दौरान कहा, 'अगर वकील नहीं होते, तो देश को न आज़ादी मिलती और न ही संविधान बन पाता।' बता दें कि कांग्रेस के कई बड़े नेता वकालत के पेशे से जुड़े रहे हैं। इसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से लेकर सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद जैसे कई नाम शामिल हैं। अभी भी कांग्रेस के कई बड़े नेता देश के नामी वकील हैं। उनमें अभिषेक मनु सिंघवी और सलमान खुर्शीद जैसे नाम शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: भारत की 'मृत अर्थव्यवस्था' वाले बयान पर बुरे फंसे राहुल गांधी, खुद की पार्टी के लोगों ने ही दिखाया आईना
'लोकसभा चुनाव में धांधली के सबूत पेश करेंगे'
राहुल गांधी ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को कांग्रेस पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि आप कार्यकर्ताओं ने ही यह पार्टी बनाई है और देश बनाया है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में धांधली का दावा दोहराते हुए कहा, 'चुनाव आयोग अब स्वतंत्र संवैधानिक ईकाई के तौर पर काम नहीं कर रही है। लोकसभा चुनाव में धांधली हुई थी और हमारे पास इसके पर्याप्त सबूत हैं। जल्द ही यह सबूत देश के सामने पेश करेंगे।'
बता दें कि बिहार में चल रही वोटर संशोधन प्रक्रिया (SIR) का भी जमकर विरोध हो रहा है। कांग्रेस और आरजेडी जैसे दलों ने विधानसभा और संसद के दोनों सदनों में इसके खिलाफ काफी हंगामा किया है।
यह भी पढ़ें: 'एक भारत के लिए, दूसरा विदेशी आकाओं के लिए', अन्नामलाई ने राहुल गांधी को घेरते हुए इस कांग्रेसी की जमकर तारीफ












Click it and Unblock the Notifications