नोटबंदी को लेकर मोदी सरकार पर राहुल का तंज- 'मित्र-हित में चली गयी चाल की माफी नहीं'
नई दिल्ली, 8 नवंबर: नोटबंदी के 5 साल पूरे हो गए हैं। 2016 में 8 नवंबर के ही दिन मोदी सरकार ने 500 और 1000 के नोट बंद कर दिए थे। इसके बाद जनता को महीनों तक लाइन में लगना पड़ा। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि नोटबंदी के दौरान बहुत से आम नागरिकों की जान भी गई थी। साथ ही काला धन भी अपेक्षा के मुताबिक वापस नहीं आया। इस वजह से विपक्षी दल हमेशा इस पर सवाल उठाते रहते हैं। अब कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला किया है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि गलती होती तो जनता माफ कर देती लेकिन जान बूझकर मित्र-हित में चली गयी इस चाल की कोई माफी नहीं। कितने ही साल बीत जाएं काफी नहीं। इसके पहले दूसरे ट्वीट में अगस्ता हेलीकॉप्टर से संबंधित कंपनी पर लगे बैन के हटने का मुद्दा राहुल ने उठाया। उन्होंने लिखा कि पहले अगस्ता भ्रष्ट था, लेकिन अब बीजेपी की लॉन्ड्री में धुलकर साफ हो गया। इसके साथ उन्होंने #RIPlogic हैशटैग इस्तेमाल किया।
प्रियंका ने भी साधा निशाना
राहुल के अलावा उनकी बहन प्रियंका गांधी ने भी नोटबंदी को लेकर मोदी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि अगर नोटबंदी सफल थी तो भ्रष्टाचार खत्म क्यों नहीं हुआ? कालाधन वापस क्यों नहीं आया? अर्थव्यवस्था कैशलेस क्यों नहीं हुई? आतंकवाद पर चोट क्यों नहीं हुई? महंगाई पर अंकुश क्यों नहीं लगा?
अगस्ता वेस्टलैंड का क्या है मामला?
दरअसल अगस्ता वेस्टलैंड से जुड़ी इटली की एक हथियार कंपनी से मोदी सरकार ने प्रतिबंध हटा दिया है। पीएम मोदी के इटली दौरे से वापस आने के बाद सरकार ने शर्तों के साथ इटली की डिफेंस कंपनी लिओनार्डो एसपीए को फिर से भारत में व्यापार करने की इजाजत दे दी है। कांग्रेस शासनकाल में इस घोटाले पर जमकर हंगामा हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications