कांग्रेस में अगले 10 साल में 50% मुख्यमंत्री महिलाएं होंगी, राहुल गांधी ने सेट किया टारगेट
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी को अपने संगठनात्मक ढांचे में महिलाओं को सक्रिय रूप से बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस को अगले 10 वर्षों के भीतर 50 प्रतिशत महिलाओं को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए।
केरल महिला कांग्रेस के सम्मेलन 'उत्साह' का उद्घाटन करते हुए वायनाड सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी में कई महिला नेता हैं। जिनमें मुख्यमंत्री बनने के लिए आवश्यक गुण हैं। राहुल गांधी ने कहा कि, मैं पहले भी चर्चा करता रहा हूं कि हमारे लिए प्रयास करने और हासिल करने के लिए एक अच्छा लक्ष्य क्या हो सकता है?

कांग्रेस नेता ने कहा कि, फिर मैंने सोचा कि कांग्रेस पार्टी के लिए एक अच्छा लक्ष्य यह होगा कि आज से 10 वर्षों में, हमारे 50 प्रतिशत मुख्यमंत्री महिलाएं हों। आज , हमारे पास एक भी महिला मुख्यमंत्री नहीं है। लेकिन मैं जानता हूं कि कांग्रेस पार्टी में कई महिलाएं हैं जिनमें बहुत अच्छे मुख्यमंत्री बनने के गुण हैं।
कांग्रेस नेता ने आरएसएस पर भी निशाना साधा और कहा कि आरएसएस मर्दों का संगठन है। वहां महिलाओं को ज्यादा जगह नहीं मिलती है। महिलाओं को और अधिकार मिलना चाहिए। आरएसएस में वही तय करते हैं कि महिलाएं क्या पहनेंगी, कैसे रहेंगी और क्या करेंगी? महिलाओं का पॉलिटिक्स में ज्यादा योगदान होना चाहिए, पर आरएसएस ऐसा नहीं चाहता है।
राहुल गांधी ने कहा कि, मुझे लगता है कि महिलाएं कई मायनों में पुरुषों से बेहतर हैं। उनमें पुरुषों की तुलना में अधिक धैर्य है। उनके पास पुरुषों की तुलना में दीर्घकालिक दृष्टि है। वे पुरुषों की तुलना में अधिक संवेदनशील और दयालु हैं। हम मूल रूप से मानते हैं कि महिलाओं को शक्ति संरचना का हिस्सा होना चाहिए। गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं को सत्ता में शामिल करना आरएसएस की विचारधारा का हिस्सा नहीं है।
यह भी पढ़ें- नेवी एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के विमान को नहीं मिली उतरने की अनुमति, भड़की कांग्रेस












Click it and Unblock the Notifications