अखिलेश को 'लड़का' मत समझिये राहुल गांधी जी, युवाओं के 'सुल्तान' हैं वो
लखनऊ। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव 2017 ने लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में एकदम रॉकस्टार की तरह एंट्री मारी और भाषण शुरू करते ही उत्तर प्रदेश एवं केंद्र सरकार पर हमला बोल दिया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, "सीएम अखिलेश अच्छा लड़का है पर काम नहीं कर पा रहा है..." बस इतने से बोल उलटे कांग्रेस उपाध्यक्ष पर भारी पड़ सकते हैं। वो इसलिये क्योंकि अखिलेश "लड़का" नहीं, बल्कि यूपी के युवाओं के "सुल्तान" हैं।

हम यहां उन युवाओं की बात नहीं करेंगे, जो समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं और दिन भर मुलायम चालीसा पढ़ते हैं। हम बात कर रहे हैं, गरीब छात्रों की, जिनके डिग्री कॉलेज में कदम रखते ही लैपटॉप मिल गया। उन युवतियों की, जिन्हें कन्या विद्या धन के अंतर्गत लाभ मिला। कृषि से जुड़े युवाओं की, जिनके माता-पिता का बोझ अखिलेश सरकार ने कम किया।
वो बात अलग है कि पिछले चार सालों में यूपी में अपराध बढ़ा है, लेकिन बात अगर युवाओं से जुड़ी योजनाओं की बात करें, तो लगभग सभी योजनाएं सफल हुई हैं। कुछ बड़ी योजनाएं इस प्रकार हैं-
- हाईस्कूल और इण्टर पास करने वाले प्रत्येक छात्र/छात्रा को टैबलेट और लैपटाप बाटे
- सरकारी सेवाओं में भर्ती की उम्र 35 करना और 35 वर्ष की
- हाईस्कूल पास कर चुकी गरीब घर की लड़कियों को कन्या विधा धन
- परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने वाली लड़कियों को साइकिल
- कक्षा 8 तक सभी पुस्तकें मुफ्त करना
- सरकारी एवं अनुदानित निजी महाविद्यालयों में स्नातक स्तर तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा
- बीएड शिक्षकों की भर्ती
- गरीब छात्रों के लिए छात्रावास और निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था
- जिन जिला मुख्यालयों में पालीटेक्निक नही है, वहां पालीटेक्निक खोलना
ये ऐसी योजनाएं हैं, जो वाकई में युवाओं को सरकार से जोड़ने का काम करती हैं। ऐसे में अखिलेश यादव को "लड़का" कहकर संबोधित करना उलटा कांग्रेस पार्टी पर भारी पड़ सकता है। युवा मतदाता, खास कर जो पहली बार वोट देने जा रहे हैं, और इन योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं, वे तो कांग्रेस को शायद ही वोट दें, क्योंकि कईयों की नजर में अखिलेश उनके सुल्तान हैं।

सपा, बसपा और भाजपा पर राहुल का वार
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के राजनीतिक प्रतिद्वंदी केवल मुंहजुबानी काम करते हैं और झूठ की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल ने कहा 27 सालों में यूपी में कई पार्टियों को सत्ता मिली। हिन्दू-मुस्लिम के नाम पर लड़ाया गया है, किसी ने भी राज्य के विकास की बात नहीं की।
यूपी के थाने राजनीतिक दलों के दफ्तर बने हुए हैं
राहुल गांधी ने बहुजन समाज पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि सरकार में गुंडागर्दी और बसपा में भ्रष्टाचार रहता है। उन्होंने सवाल किया, गुंदागर्दी के चलते यूपी में उद्योग लगाने कौन आएगा। बसपा सरकार में हाथी को खिलाओ वरना उद्योग नहीं लगेगा। यूपी के थाने, राजनीतिक दल के दफ्तर बने हुए हैं। कांग्रेस सरकार आएगी इन्हें पुलिस स्टेशनों में तब्दील किया जाएगा।
PK के प्लान को फॉलो करते दिखे राहुल
कांग्रेस की इस कार्यक्रम की रूपरेखा पहले ही रणनीतिकार प्रशांत किशोर तैयार कर चुके थे। उसी के आधार पर राहुल कार्यक्रम में अलग अलग भूमिकाओं को अदा करते दिखाई दिए। कहने का आशय यह है कि कभी आक्रामक तो कभी इमोशनल, कभी तीखे वार तो कभी जनता की हिमायत आदि आदि। यूपी उद्घोष के दौरान राहुल गांधी ने एक एक करके पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से आ रहे सवालों के जवाब दिए।
शीला की तारीफ में कहा ''दिल्ली वालों को हो रहा है अपनी गलती का एहसास''
उपाध्यक्ष राहुल ने शीला दीक्षित की तारीफ करते हुए कहा कि शीला जी के पास काफी अनुभव है। उन्होंने दिल्ली की तस्वीर बदली है। दिल्ली के लोगों को अब एहसास हो रहा है कि उन्होंने गलत लोगों को वोट कर दिया है। केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को अब पछतावा हो रहा है कि पहले काम होता था लेकिन अब बयानबाजी और ड्रामे के अलावा कुछ भी नहीं हो रहा।












Click it and Unblock the Notifications