राहुल गांधी का 14वां सवाल, ऊना की दर्दनाक घटना पर मोदीजी क्यों हैं मौन?
नई दिल्ली। गुजरात में विधानसभा चुनाव प्रचार का अखिरी दिन हैं। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजरात के मुद्दों पर 14वां सवाल पूछा है। मंगलवार को उन्होंने भाजपा से 22 सालों का हिसाब मांगने के क्रम में ट्वीट किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने दलितों की जमीन, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा का जिक्र किया है, वहीं उना में दलितों के साथ हुए जुल्मों पर पीएम नरेन्द्र मोदी की चुप्पी पर निशाना साधा।

राहुल गांधी ट्वीट कर पूछा, न जमीन, न रोजगार, न स्वास्थ्य, न शिक्षा। गुजरात के दलितों को मिली है बस असुरक्षा। ऊना की दर्दनाक घटना पर मोदीजी हैं मौन, इस घटना की जवाबदेही लेगा फिर कौन? कानून तो बहुत बने दलितों के नाम , कौन देगा मगर इन्हे सही अंजाम?
बता दें कि पिछले साल गुजरात के ऊना में मरी गाय की खाल निकालने पर चार दलितों की बेरहमी से पिटाई की गई थी। विरोध में दलितों ने गुजरात के सरकारी कार्यालयों के सामने मरी गायें डाल दी थीं। गुजरात समेत देशभर में इस घटना के विरोध में प्रदर्शन हुए थे।
आपको बता दें कि सोमवार को 13वें सवाल में राहुल ने केंद्र सरकार पर लोकपाल को दरकिनार करने, कथित घोटालों और चंद कारोबारियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाए थे। राहुल ने पूछा था कि 'मौनसाहब' से जवाब की दरकार है, किसके अच्छे दिन के लिए बनाई सरकार?












Click it and Unblock the Notifications