'अमेरिका के बयान पर झूठ फैला रही BJP', राहुल ने वीडियो पोस्ट कर पूछा-क्या मैंने जो कहा उसमें कुछ गलत है?
Rahul Gandhi: अमेरिका यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सिख समुदाय को लेकर टिप्पणी की थी। राहुल गांधी की इसी टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया था। बीजेपी नेता और केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी को आतंकी तक कह दिया था। वहीं, अब राहुल गांधी ने वीडियो पोस्ट कर पूछा क्या मैंने जो कहा उसमें कुछ गलत है?
दरअसल, सिख समुदाय को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा होता देख कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सफाई सामने आई है। राहुल गांधी ने अपने X हैंडल पर लिखा, भाजपा अमेरिका में मेरी टिप्पणियों के बारे में झूठ फैला रही है। मैं भारत और विदेश में रहने वाले हर सिख भाई-बहन से पूछना चाहता हूं - क्या मैंने जो कहा है उसमें कुछ ग़लत है?

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि क्या भारत ऐसा देश नहीं होना चाहिए जहां हर सिख और हर भारतीय बिना किसी डर के अपने धर्म का पालन कर सके? हमेशा की तरह, भाजपा झूठ का सहारा ले रही है। वे मुझे चुप कराने के लिए बेताब हैं क्योंकि वे सच बर्दाश्त नहीं कर सकते। लेकिन मैं हमेशा उन मूल्यों के लिए बोलूँगा जो भारत को परिभाषित करते हैं: विविधता में हमारी एकता, समानता और प्रेम।
इस बीच, अमेरिका में सिखों पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर सिख प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान सिख समुदाय के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को एक ज्ञापन सौंपा। साथ ही, सिखों को लेकर राहुल गांधी के अमेरिका में दिए बयान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आज देशभर के सभी सिख संगठन और कई सिख कमेटियां अमेरिका में राहुल गांधी के बयान को लेकर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मिले...राहुल गांधी अपना बयान वापस लें, यह सिख प्रतिनिधिमंडल की मांग है..."












Click it and Unblock the Notifications