'लोकसभा चुनावी नतीजों के बाद BJP का डर खत्म हुआ', राहुल गांधी ने US में PM मोदी-RSS पर क्या कहा?
Rahul Gandhi News: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी का ये पहला अमेरिकी दौरा है। राहुल गांधी ने टेक्सास में भारतीय समयानुसार 9 सितंबर की सुबह 2 कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला।
राहुल गांधी ने यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के कार्यक्रम में कहा कि लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद से लोगों में भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डर खत्म हो गया है। राहुल गांधी ने कहा, ''चुनाव के नतीजे आने के कुछ मिनट के बाद ही लोगों के मन से भाजपा और भारत के प्रधानमंत्री मोदी का डर खत्म हो गया।''

राहुल गांधी बोले- 'भाजपा का डर अब गायब हो गया है'
राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद संसद में अपने पहले भाषण में उन्होंने अभयमुद्रा का जिक्र किया था, जो सभी भारतीय धर्मों में मौजूद निडरता का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इसे बर्दाश्त या समझ नहीं सकती।
राहुल गांधी ने कहा, "दूसरी बात यह हुई कि भाजपा का डर गायब हो गया। हमने देखा कि चुनाव परिणाम के कुछ ही मिनटों के भीतर, भारत में कोई भी भाजपा या भारत के प्रधानमंत्री से नहीं डरता था। इसलिए ये बहुत बड़ी उपलब्धियां हैं। ये उपलब्धि राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी की नहीं है। ये हमारी उपलब्धि है। हम परिधीय हैं। ये भारत के लोगों की बहुत बड़ी उपलब्धियां हैं, जिन्होंने लोकतंत्र को महसूस किया है।''
राहुल गांधी ने RSS के बारे में क्या कहा?
राहुल गांधी ने कहा,
''भारतीय जनता पार्टी का मूल संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मानता है कि भारत एक विचार है, जबकि हम मानते हैं कि भारत 'कई विचारों' से बना है। हम अमेरिका की तरह मानते हैं कि हर किसी को सपने देखने का अधिकार है, सबको भागीदारी का मौका मिलना चाहिए। सपने देखने की अनुमति दी जानी चाहिए और उनकी जाति, भाषा, धर्म, परंपरा या इतिहास की परवाह किए बिना उन्हें जगह दी जानी चाहिए। यह लड़ाई है और यह लड़ाई चुनाव में साफ हो गई जब भारत के लाखों लोगों ने साफ रूप से समझ लिया कि भारत के प्रधानमंत्री भारत के संविधान पर हमला कर रहे हैं।''
उन्होंने कहा,''मैं वही बातें बता रहा हूं जो संविधान में निहित है, जिसे उन्होंने आधुनिक भारत की नींव बताया।'' उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जब उन्होंने संविधान पर जोर दिया, तो लोगों ने उनका संदेश समझ लिया।
राहुल गांधी ने कहा, "मैंने देखा कि जब मैं संविधान का मुद्दा उठाता था, तो लोग समझ जाते थे कि मैं क्या कह रहा हूं। वे कह रहे थे कि भाजपा हमारी परंपरा पर हमला कर रही है, हमारी भाषा पर हमला कर रही है, हमारे राज्यों पर हमला कर रही है, हमारे इतिहास पर हमला कर रही है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वे यह समझ गए थे कि जो कोई भी भारत के संविधान पर हमला कर रहा है, वह हमारी धार्मिक परंपरा पर भी हमला कर रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications