मनरेगा को लेकर राहुल का केंद्र पर निशाना, कहा- 'सरकार किसी की भी हो, जनता भारत की है...'
राहुल गांधी ने मनरेगा योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
नई दिल्ली, 12 जून: कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर में मनरेगा योजना एक बार फिर ग्रामीण आबादी के लिए मददगार साबित हो रही है। कई राज्यों में लगे लॉकडाउन के बाद मनरेगा की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा पड़ती हुई नजर आ रही है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने मनरेगा योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा है कि लॉकडाउन की वजह से बिगड़े आर्थिक हालात से निबटने के लिए मनरेगा योजना को और मजबूत करना जरूरी है।
Recommended Video

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में उन खबरों को शेयर किया है, जिनमें बताया गया है कि कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर में भी मनरेगा योजना ग्रामीण इलाकों में लोगों के लिए एक बड़ी राहत बन रही है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा, 'देश के कमजोर वर्ग को अबकी बार भी मनरेगा से राहत मिल रही है। लॉकडाउन से हुई आर्थिक तंगी से निबटने के लिए इस योजना को और मजबूत करना ज़रूरी है। सरकार किसी की भी हो, जनता भारत की है और जनहित हमारी जिम्मेदारी है।'
अर्थव्यवस्था को लेकर नीति आयोग ने क्या कहा
आपको बता दें कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर का भी देश की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। हालांकि हाल ही में नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने उम्मीद जताई कि जून के महीने से अर्थव्यव्था पटरी पर लौटनी शुरू होगी और जुलाई से यह रफ्तार पकड़ लेगी। राजीव कुमार ने कहा कि हालांकि कोरोना महामारी की इस दूसरी लहर से राजकोषीय घाटे पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। वहीं, बढ़ती महंगाई पर राजीव कुमार ने बताया कि इसके पीछे कई वजहें हैं, लेकिन फिर भी सरकार को इस दिशा में कुछ कारगर कदम उठाने चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications