Karnataka Election 2023: डराया-धमकाया गया फिर भी बसवन्ना पीछे नहीं हटे, सच बोलना आसान नहीं- राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने दो दिवसीय दौरे पर कर्नाटक पहुंचे। यहां उनका स्वागत बीजेपी का दामन छोड़ कांग्रेस के साथ आने वाले पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार ने किया।

Karnataka Election 2023: आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल वोट बैंक बटोरने धरातल पर उतर चुके हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने भी जोर-शोर से तैयारियां शुरु कर दी हैं। पार्टी को बूस्ट करने और जनता की नब्ज टटोलने कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अपने दो दिवसीय दौरे पर बसव जयंती समारोह में हिस्सा लेने के लिए रविवार को कर्नाटक पहुंच गए।
कर्नाटक के हुबली एयरपोर्ट पर बीजेपी का दामन छोड़ कांग्रेस के साथ आने वाले पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार ने राहुल गांधी का वेलकम किया। राहुल गांधी हेलीकॉप्टर में सवार होकर बागलकोट के कुदालसंगम मैदान में बसवा जयंती समारोह में शरीक होने पहुंचे।
यहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आज हम उन्हें (गुरु बसवन्ना) को पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हैं। लेकिन जब ये जिंदा थे तब इन्हें डराया गया होगा, धमकाया गया होगा, इन पर आक्रमण हुए होंगे, लेकिन वे पीछे नहीं हटे, सच्चाई का रास्ता इन्होंने नहीं छोड़ा। इसलिए आज हम उनके सामने फूल रख रहे हैं। जो डर जाता है, उसके सामने फूल कोई नहीं रखता। आप ये मत समझना कि समाज के सामने सच बोलना आसान है।
राहुल का रोड शो लिंगायत समुदाय पर फोकस ?
दरअसल, आगामी चुनाव को देखते हुए राहुल गांधी का यह रोड शो बहुत ही अहम माना जा रहा है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि इस रोड शो के सहारे राहुल गांधी लिंगायत समुदाय को टारगेट करेंगे। इतना ही नहीं रोड शो के साथ ही राहुल गांधी दो दिनों में कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications