SC से राहत के बाद राहुल गांधी को लेकर 5 बड़े सवाल, कब बहाल होगी लोकसभा, क्या हैं नियम
Rahul Gandhi: मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिलने के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। पहला सवाल यह कि अब जब सुप्रीम कोर्ट ने सजा पर रोक लगा दी है तो क्या राहुल गांधी एक बार फिर से लोकसभा में जाएंगे और उनकी सदस्यता बहाल होगी।
यहां ध्यान देने वाली बात है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाई गई है, सजा को खत्म नहीं किया गया है। ऐसे में जबतक इस मामले में फिर से सुनवाई नहीं हो जाती है राहुल गांधी की ना सिर्फ लोकसभा सदस्यता को फिर से बहाल किया जाएगा बल्कि वह 2024 का चुनाव भी लड़ सकते हैं।

बशर्ते सजा को लेकर कोर्ट का फैसला लोकसभा चुनाव के बाद आए। अगर चुनाव से पहले सजा को लेकर फैसला आता है और सजा को कोर्ट बरकरार रखता है तो राहुल गांधी की मुश्किल बढ़ सकती है। हालांकि माना जा रहा है कि कोर्ट का फैसला आने में काफी समय लग सकता है।
कानूनी तौर पर बात करें तो राहुल गांधी मार्च 2019 में राहुल गांधी ने मोदी सरनेम को लेकर जो बयान दिया था उसपर सूरत कोर्ट ने सुनवाई करते हुए दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता चली गई थी। राहुल गांधी ने सूरत कोर्ट के फैसले के खिलाफ फिर से याचिका दायर की थी, जिसपर 21 अगस्त को सुनवाई होनी है।
नियम के अनुसार राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता वापस हासिल करने के लिए सचिवालय में यह याचिका दायर करनी होगी कि उनकी सजा पर रोक लगा दी गई है, लिहाजा उनकी सदस्यता को फिर से बहाल किया जाए। उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश की एक प्रति भी जमा करनी होगी, जिसके बाद सचिवालय इस दस्तावेज की समीक्षा करेगा और आगे की कार्रवाई करेगा। बता दें कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने यह पत्र और कोर्ट के आदेश की प्रति को सचिवालय को सौंप दिया है।
पूर्व के उदाहरण की बात करें तो एनसीपी सांसद मोहम्मद फैसल की सदस्यता को मार्च माह में बहाल कर दिया गया था। केरल हाई कोर्ट ने हत्या की कोशिश मामले में उनकी सजा पर रोक लगा दी थी। कोर्ट के फैसले के दो महीने बाद मोहम्मद फैसल की सदस्यता को बहाल किया गया था।
क्या है नियम
सचिवालय की ओर से फैसल की सदस्यता को 29 मार्च को बहाल कर दिया गया था। जिस तरह से फैसल की सदस्यता को बहाल करने में देरी हो रही थी, उसके खिलाफ मोहम्मद फैसल ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन सुनवाई से कुछ घंटों पहले ही उनकी सदस्यता को बहाल कर दिया गया था। ऐसे में माना जा रहा है कि राहुल की सदस्यता को जल्त बहाल किया जा सकता है। हालांकि निश्चित तारीख बता पाना फिलहाल मुश्किल है।
कबतक बहाल होगी सदस्यता?
सुप्रीम कोर्ट ने जिस तरह से राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाई उसके तुरंत बाद ही कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा स्पीकर से मुलाकात की और उनसे अपील की कि वह राहुल गांधी की सदस्यता को बहाल करें। नियम के अनुसार लोकसभा सचिवालय और लोकसभा स्पीकर के सहमति के बाद ही राहुल गांधी की सदस्यता को बहाल किया जा सकता है।
सरकारी बंगला
लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद राहुल गांधी को एक बार फिर से सरकारी बंगला मिलेगा। पहले वह 12, तुगलक लेन निवास में रहते थे। नियम के अनुसार उन्हें टाइप-VII बंगला आवंटित हो सकता है। ऐसे में इस बात की संभावना है कि राहुल को फिर से पुराना बंगला मिल सकता है। हालांकि यह निश्चित नहीं है कि उन्हें उनका पुराना बंगला ही वापस मिलेगा।
राहुल गांधी की कुल संपत्ति
राहुल गांधी की कुल संपत्ति की बात करें तो यह करोड़ों में है। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के पास जो हलफनामा दायर किया था, उसके अनुसार राहुल के पास कुल 16 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वह हर महीने तकरीबन 10 लाख और सालाना तकरीबन एक करोड़ रुपए की कमाई करते हैं।
गठबंधन पर असर
जिस तरह से विपक्षी दलों का नया गठबंधन सामने आया, उसमे सबसे बड़ा सवाल राहुल गांधी को लेकर खड़ा था। अगर राहुल गांधी के चुनाव लड़ने पर भी प्रश्चचिन्ह था। लेकिन जिस तरह से राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है उसका सराकारत्मक असर निश्चित तौर पर गठबंधन में देखने को मिलेगा। विपक्षी दल और आक्रामकता के साथ मोदी सरकार पर हमला बोलेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस की स्थिति और भी मजबूत होगी।












Click it and Unblock the Notifications