राहुल गांधी ने फिर समझाई क्रोनोलॉजी, कहा- मोदी सरकार 'सूट-बूट की सरकार' है
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है।
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर एक बार फिर पीएम मोदी पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन के एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि मोदी सरकार पूरी तरह से सूट बूट की सरकार है। दरअसल राहुल गांधी ने रघुराम राजन के जिस बयान को अपने ट्वीट में शामिल किया है, उसमें उन्होंने बड़े कॉरपोरेट घरानों को बैंक खोलने की अनुमति देने की सिफारिशों को गलत बताया है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा कि मोदी सरकार पहले बड़ी कंपनियों का कर्ज माफ करती और फिर इन्हीं कंपनियों को बैंक खोलने की अनुमित देती है।
Recommended Video

राहुल गांधी ने रघुराम राजन के बयान से जुड़ी खबर अपने ट्वीट में शेयर करते हुए लिखा, 'क्रोनोलॉजी समझिए: पहले कुछ बड़ी कंपनियों की कर्जमाफी होगी। इसके बाद कंपनियों के टैक्स में भारी कटौती होगी। और अब, आम जनता की बचत के रुपए इन्हीं कंपनियों की तरफ से स्थापित किए गए बैंकों को दिए जाएंगे। #SuitBootkiSarkar।'

क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक की एक आंतरिक कमेटी ने प्राइवेट बैंकों के लाइसेंस नियमों को लेकर कुछ नई सिफारिशें दी हैं। इस रिपोर्ट में उन गैर बैंकिंग वित्तीय संस्थानों को निजी बैंकों के लाइसेंस देने की सिफारिश की गई है, जिनकी कुल संपत्ति 50 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है। साथ ही इस रिपोर्ट में बड़े कॉरपोरेट्स को भी बैंकिंग लाइसेंस देने की बात कही गई है। इस रिपोर्ट के लेकर आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन और पूर्व डिप्टी गवर्नर विरल आचार्य ने सोमवार को कहा कि बड़े कॉरपोरेट्स को बैंकिंग लाइसेंस देने की वकालत करना एक 'बुरा विचार' है।












Click it and Unblock the Notifications