'राहुल गांधी का DNA टेस्ट होना चाहिए': केरल के निर्दलीय MLA की मांग पर लेफ्ट-कांग्रेस में तू-तू,मैं-मैं क्यों?
Kerala Lok Sabha Election 2024 News: केरल में एलडीएफ के एमएलए पीवी अनवर के राहुल गांधी पर दिए एक विवादित बयान के बाद पहले ही राज्य की राजनीति में मचे घमासान के बीच सियासी तूफान आ गया है। उन्होंने राहुल गांधी को 'निचले-स्तर का नागरिक' बताते हुए उनका 'डीएनए टेस्ट' कराने की मांग कर दी है।
मंगलवार को पलक्कड़ में एक चुनावी रैली के दौरान नीलांबुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक ने यह विवादित बयान दिया है। नीलांबुर विधानसभा उसी वायनाड लोकसभा के अंदर है, जहां से राहुल गांधी दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।

गांधी सरनेम से बुलाए जाने लायक नहीं राहुल- पीवी अनवर
पीवी अनवर ने कहा, 'मैं वायनाड का पार्ट हूं, जो कि राहुल गांधी का क्षेत्र है। मैं उनका सरनेम गांधी नहीं बुला सकता। वह इतनी निचले-स्तर के नागरिक बन गए हैं, जो कि गांधी सरनेम से बुलाए जाने लायक नहीं है। यह मैं नहीं कह रहा हूं। पिछले दो दिनों से यह देश के लोग कह रहे हैं।'
सीएम पिनराई विजयन पर आक्रामक हमले कर रहे हैं राहुल
अनवर मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणी की वजह से भड़के हुए थे। राहुल ने केरल में हाल की रैलियों में यह मुद्दा उठाया है कि केंद्रीय जांच एजेंसियों ने भ्रष्टाचार के कई आरोपों के बावजूद विजयन से पूछताछ क्यों नहीं की है और उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है।
'मुझे संदेह है...राहुल गांधी की डीएनए जांच होनी चाहिए'
अनवर ने कहा, 'क्या नेहरू परिवार में ऐसे सदस्य होंगे? क्या नेहरू परिवार में जन्म लेने वाला कोई व्यक्ति ऐसे कह सकता है? मुझे इसको लेकर संदेह है। मेरी राय है कि राहुल गांधी की डीएनए जांच होनी चाहिए।'
क्या राहुल गांधी पीएम मोदी के एजेंट हैं- एलडीएफ विधायक
उन्होंने आगे कहा, 'राहुल को जवाहरलाल नेहरू के नाती के रूप में बड़े होने का कोई हक नहीं है। हालात यहां तक आ गया है कि हमें यह सोचना चाहिए कि क्या राहुल गांधी पीएम मोदी के एजेंट हैं।'
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की शिकायत, पुलिस से केस दर्ज करने की मांग
राहुल पर अनवर की विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस भड़क गई है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एमएम हसन ने कहा है कि चुनाव में अनवर के खिलाफ पार्टी ने एक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने नेहरू परिवार और राहुल गांधी के खिलाफ 'घटिया भाषा' के इस्तेमाल के लिए उनके खिलाफ पुलिस से तत्काल केस दर्ज करने की भी मांग की है।
पीवी अनवर गोडसे के नए अवतार हैं- कांग्रेस
कांग्रेस नेता ने कहा, 'पीवी अनवर गोडसे के नए अवतार हैं। अनवर के शब्द गोडसे की बुलेट से भी ज्यादा घातक हैं, जिससे गांधीजी की हत्या हुई थी। अनवर ने ऐसी टिप्पणी की है, जो कभी भी जनप्रतिनिधि की ओर से नहीं कही जानी चाहिए।'
सीएम के आत्मघाती दस्ते की तरह पर काम करते हैं अनवर- कांग्रेस
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी की लगातर आलोचना करने वाले पिनराई विजयन के कहने पर ही पीवी अनवर ने राहुल के खिलाफ ऐसी टिप्पणी की है। हसन ने कहा कि, 'पीवी अनवर मुख्यमंत्री के आत्मघाती दस्ते की तरह पर काम करते हैं।'
राहुल ने जो कहा उसका जवाब मिलेगा- पिनराई विजयन
वहीं केरल के सीएम पिनराई विजय ने एक हद तक एलडीएफ विधायक का बचाव करते हुए कहा है कि राहुल गांधी भी आलोचनाओं से परे नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी ने जो कहा उसका उन्हें जवाब मिलेगा। वह ऐसे व्यक्ति नहीं हैं, जो आलोचनाओं से परे है।'(इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications