राहुल ने मणिपुर पर 5 मिनट का वीडियो शेयर कर PM पर बोला हमला, कहा-आज भी दो टुकड़ों में बंटा हुआ है प्रदेश
Rahul Gandhi News: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी गुरुवार 11 जुलाई को मणिपुर पहुंचे। राहुल गांधी ने मणिपुर की स्थिति का एक 5 मिनट का वीडियो अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। साथ ही, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, 'मणिपुर की स्थिति में कोई सुधार नहीं है, आज भी प्रदेश दो टुकड़ों में बंटा हुआ है।'
हिंसा शुरू होने के बाद राहुल गांधी का मणिपुर में यह तीसरा दौरा है। मणिपुर दौरे का 5 मिनट का वीडियो पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, मणिपुर में हिंसा शुरू होने के बाद, मैं तीसरी बार यहां आ चुका हूं, मगर अफसोस स्थिति में कोई सुधार नहीं है - आज भी प्रदेश दो टुकड़ों में बंटा हुआ है।

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि घर जल रहे हैं, मासूम ज़िंदगियां खतरे में हैं और हज़ारों परिवार relief camp में जीवन काटने पर मजबूर हैं। प्रधानमंत्री को मणिपुर खुद आ कर प्रदेश वासियों की तकलीफ सुनते हुए शांति की अपील करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी और INDIA मणिपुर में शांति की जरूरत को संसद में पूरी शक्ति के साथ उठाकर, सरकार पर इस त्रासदी को खत्म करने का दबाव बनाएंगे।
आपको बता दें कि मई 2023 में हिंसा भड़कने के बाद राहुल गांधी तीसरी बार मणिपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किए वीडियो में राज्य में जातीय संघर्षों के बारे में अपना दुख व्यक्त करने वाले कई लोगों को सांत्वना दिया। मणिपुर के जिरीबाम राहत शिविर की एक महिला वीडियो में कहती है कि उसकी दादी अभी भी संघर्ष वाली जगह पर फंसी हुई है।
उन्हें अपनी दादी के बारे में कुछ पता नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर हम उससे संपर्क भी करते हैं, तो वह यहां न तो आ सकती है और न हम वहा जा सकते हैं। वहीं, राहत शिविर में रह रही एक और महिला ने बताया कि सही इलाज न मिल पाने के कारण मैंने अपने भाई को खो दिया।
वहीं, अब राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिविर में दवाओं की मदद करेगी। इतना ही नहीं, राहुल गांधी ने मणिपुर के चुराचांदपुर स्थित एक राहत शिविर में कहा कि अगर सरकार इस संघर्ष को खत्म करना चाहती है, तो यह बहुत जल्दी खत्म हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications