'BRS, BJP और AIMIM एक साथ, तेलंगाना से चुराया पैसा हम दिलाएंगे वापस', राहुल गांधी का दावा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार को कहा कि बीआरएस द्वारा तेलंगाना के लोगों से चुराया गया पैसा कांग्रेस वापस करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव बीआरएस और कांग्रेस के बीच है। सच्चाई यह है कि बीआरएस, बीजेपी और एआईएमआईएम एक साथ काम कर रहे हैं। साथ ही राहुल गांधी ने दावा किया कि बीजेपी को तेलंगाना में 2 फीसदी वोट मिलेंगे।
दरअसल, राहुल गांधी नगरकुर्नूल के कलवाकुर्थी में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करने पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि हम केसीआर को अलविदा कहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और उसके भ्रष्ट मंत्रियों ने हमारे लोगों से जो कुछ भी चुराया है वह उनके बैंक खातों में वापस कर दिया जाएगा।

राहुल ने सत्तारूढ़ बीआरएस और मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव (केसीआर) और उनके परिवार पर उत्पाद शुल्क, भूमि राजस्व और रेत खनन जैसे राजस्व पैदा करने वाले विभागों पर एकाधिकार रखने के लिए हमला बोला। उन्होंने कहा कि केसीआर ने लोगों से एक लाख करोड़ रुपये चुराए और एक परियोजना का निर्माण किया। सार्वजनिक धन का उपयोग करके कालेश्वरम परियोजना को एक लाख करोड़ से अधिक की परियोजना बना दिया गया। अब, तेलंगाना में प्रत्येक परिवार पर 2040 तक हर साल राज्य का 31,500 रुपए का कर्ज होगा।
'पीएम मोदी और केसीआर साथ हैं'
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि विपक्षी नेताओं पर ईडी, सीबीआई, आईटी और विजिलेंस केस हैं। मेरे खिलाफ 24 मामले। मुझे लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया। मेरा आधिकारिक घर भी छीन लिया गया। मैंने खुशी-खुशी अपना घर दे दिया। पूरा भारत और तेलंगाना मेरा घर है। वे मामले दर्ज करते हैं और जो भी उनसे लड़ता है उस पर हमला करते हैं। लेकिन, आपके मुख्यमंत्री ने ऐसा किया है कि उनके खिलाफ कोई मामला नहीं है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि पीएम नरेंद्र मोदी और आपके मुख्यमंत्री एक साथ हैं। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी नेता यहां (तेलंगाना) आते हैं और कहते हैं कि वे एक ओबीसी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाएंगे। आपको (बीजेपी) यहां 2 फीसदी वोट मिलेंगे, आप कैसे करेंगे यह?












Click it and Unblock the Notifications