'ED चार्जशीट में, मैं आरोपी नहीं', राघव चड्ढा का पुराना ट्वीट वायरल, आतिशी के गिरफ्तारी वाले बयान पर उठे सवाल?
Raghav Chadha News: आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता और अरविंद केजरीवाल सरकार की मंत्री आतिशी ने मंगलवार (02 अप्रैल) को एक कॉन्फ्रेंस में दावा किया है कि, 'अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ईडी से उन्हें, सौरभ भारद्वाज, दुर्गेश पाठक और राघव चड्ढा को गिरफ्तार करवाएगी।'

आतिशी ने कहा, ''मेरे एक करीबी के द्वारा भाजपा की तरफ से मुझे अप्रोच किया गया और कहा गया कि बीजेपी ज्वाइन कर लो वरना एक महीने के अंदर ईडी मेरे घर पर रेड करेगी और मुझे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बीजेपी का इरादा है कि आने वाले 2 महीने के अंदर मुझे, सौरभ भारद्वाज, राघव चड्ढा और दुर्गेश पाठक को गिरफ्तार कर लिया जाए।''
आतिशी के बयान पर उठे सवाल!
आतिशी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर राघव चड्ढा टॉप ट्रेंड में आ गए हैं। भाजपा दिल्ली के कुछ नेता समेत आम यूजर्स आतिशी के 'गिरफ्तारी' वाले बयान पर सवाल उठा रहे हैं। इस बीच अब राघव चड्ढा का एक पुराना ट्वीट वायरल हो गया है।
भाजपा दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि, ''आतिशी ने आज फिर झूठ बोला। अरविंद केजरीवाल ने जब यह बयान दे दिया कि विजय नायर आतिशी और सौरभ भारद्वाज को रिपोर्ट करते थे, तो अपनी जान बचाने के साथ-साथ आज आतिशी ने दुर्गेश पाठक और और राघव चड्ढा का भी नाम लिया। पूरी पार्टी में क्या चल रहा है, कौन बलि का बकरा बनेगा?''
राघव चड्ढा ने कहा था- 'ईडी की चार्जशीट में, मैं आरोपी नहीं हूं...'
राघव चड्ढा ने मई 2023 में ईडी की शराब नीति घोटाले की चार्जशीट पर एक बयान जारी किया था। राघव चड्ढा ने इस बयान में लिखा था,
'' ईडी की चार्जशीट में मुझे अभियुक्त बताने वाले समाचर\रिपोर्ट तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। ये मेरी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने के लिए दुर्भावनापूर्ण प्रचार का हिस्सा है। ईडी की चार्जशीट में मुझे आरोपी या संदिग्ध के रूप में नामित नहीं किया गया है। मुझपर किसी तरह का आरोप नहीं है। ऐसा कहा जा रहा है कि मैं किसी बैठक में शामिल था। हालांकि इस तरह के आरोप लगाने का आधार स्पष्ट नहीं है। मैं बैठक में शामिल होने या किसी भी तरह से कथित अपराध के होने शामिल होने का पूरी तरह से खंडन करता हूं। मैं मीडिया से अनुरोध करता हूं कि, वे कोई गलत रिपोर्टिंग न करें।''
बता दें कि राघव चड्ढा ने यह बयान तब जारी किया था, जब कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा था कि, 'दिल्ली शराब घोटाला मामले में ईडी की दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में राघव चड्ढा का नाम है।'
ED ने कहा था- शराब नीति मामले में राघव चड्ढा आरोपी नहीं हैं!
हालांकि टाइम्स ऑफ इंडिया ने 2 मई 2023 एक रिपोर्ट में ईडी के हवाले से लिखा था कि, 'ईडी ने कहा है कि दिल्ली शराब नीति मामले में राघव चड्ढा को आरोपी नहीं बनाया गया है।'
चार्जशीट के मुताबिक, 'डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया के आवास पर हुई बैठक में पंजाब सरकार के एसीएस वित्त, उत्पाद शुल्क आयुक्त वरुण रूजम, एफसीटी और पंजाब एक्साइज के अधिकारी और विजय नायर के बीच एक बैठक हुई थी। इस बैठक में राघव चड्ढा मौजूद थे। लेकिन उनका नाम बतौर अभियुक्त नहीं है।'
Where is raghav chadha: कहां हैं राघव चड्ढा?
बता दें कि राघव चड्ढा फिलहाल लंदन में हैं। वह कुछ दिनों पहले अपनी पत्नी और एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा के साथ विट्रोक्टोमी (सर्जरी) के लिए लंदन गए थे। विट्रोक्टोमी एक तरह की सर्जरी होती है, जो आंख में रेटिना डिटेचमेंट को रोकने के लिए की जाती है। कुछ दिनों पहले परिणीति चोपड़ा भारत वापस लौट आई हैं लेकिन राघव चड्ढा नहीं हैं।
02 अप्रैल को की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज से एक पत्रकार ने पूछा कि, पार्टी के इस बुरे दौर में राघव चड्ढा कहां हैं? जिसपर सौरभ भारद्वाज ने कहा, ''वह जहां भी हैं, फिलहाल जेल में नहीं है। लेकिन वो अब जेल जाएंगे।''












Click it and Unblock the Notifications