Puri Lok Sabha Chunav: संबित पात्रा पर बीजेपी ने फिर क्यों लगाया दांव? 2019 में पुरी में हार चुके हैं चुनाव
Puri Lok Sabha Election: ओडिशा में बीजेपी इस बार बड़ी उम्मीदों के साथ चुनाव लड़ रही है। कई चुनावी सर्वेक्षणों में भी वहां पार्टी को अच्छी स्थिति में बताया जा रहा है। लेकिन, राज्य में तीसरे चरण (25 मई) के चुनाव से पहले भाजपा नेता संबित पात्रा के एक बयान ने उन्हें ही नहीं पूरी पार्टी को संकट में ला खड़ा किया है।
संबित पात्रा 2019 में भी पुरी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में थे। राष्ट्रीय टीवी चैनलों पर बीजेपी के लंबे समय तक चेहरा रहने की वजह से पात्रा से पूरा देश में परिचित व्यक्तित्व बन चुके हैं। प्रश्न यह है कि जब पार्टी के बड़े चेहरा होने के बावजूद पिछली बार बीजेडी के पिनाकी मिश्रा ने उन्हें हरा दिया था तो पार्टी ने पुरी सीट से ही उनपर फिर क्यों दांव लगाया है।

संबित पात्रा पर बीजेपी ने फिर क्यों लगाया दांव?
2019 के लोकसभा चुनाव में पुरी संसदीय सीट से संबित पात्रा सत्ताधारी बीजू जनता दल के पिनाकी मिश्रा से मात्र 13,278 वोटों से चुनाव हारे थे। बीजेडी को इस सीट पर 5,38,321 वोट मिले थे और पात्रा को 5,26,607 वोट आए थे। इससे पहले 2014 में भाजपा यहां तीसरे नंबर पर रही थी और बीजेडी को इससे थोड़े ही कम वोट मिले थे।
इसे भी पढ़ें- आखिर कितनी संपत्ति के मालिक हैं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा
कम अंतर से मिली हार के बाद डॉ. संबित पात्रा ने पुरी से कभी दूरी नहीं बनाई और उन्होंने वहां लगातार 5 वर्षों तक जमीन पर काम किया है। उन्होंने उस चुनाव के बाद से एक तरह से राष्ट्रीय राजनीति से अलग रहकर पूरी तरह से जगन्नाथ पुरी में समय बिताया। पार्टी को लगा कि पुरी के चप्पे-चप्पे से वाकिफ होने और वहां के लोगों के सुख-दुख में शरीक होने के बाद अब संबित पात्रा शायद पुरी में पहला 'कमल' खिलाने लायक बन चुके हैं।
1998 से पुरी में कभी नहीं हारी बीजेडी
पुरी में सोमवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबित पात्रा के साथ रोडशो भी किया है, जिसे बहुत ही सफल बताया जा रहा है। पुरी लोकसभा सीट पर 1996 तक परंपरागत तौर पर कांग्रेस का कब्जा था, लेकिन 1998 के बाद से बीजेडी को यहां कोई नहीं हरा पाया।
पुरी में में संबित पात्रा की बीजेडी और कांग्रेस से है टक्कर
इस बार पुरी से बीजेडी ने तीन बार के सांसद पिनाकी मिश्रा की जगह मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर अरूप पटनायक को उतारा है तो कांग्रेस ने जय नारायण पटनायक को टिकट दिया है।
संबित पात्रा की टिप्पणी से बीजेपी की बढ़ी मुश्किल
पुरी में 25 मई यानी शनिवार को चुनाव है। अभी तक इस सीट पर पात्रा को सबसे मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा था। प्रधानमंत्री मोदी के रोडशो के बाद भाजपा के पक्ष में एक माहौल भी तैयार हुआ था। लेकिन, संबित पात्रा की जुबान ऐसे 'फिसली' कि अब उन्होंने पुरी में ही नहीं बाकी सीटों पर भी बीजेपी के लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं।
उन्होंने एक्स पर माना है कि उन्होंने कई बयानों में 'पीएम मोदी को श्री जगन्नाथ महाप्रभु का प्रबल भक्त बताया है, गलती से एक जगह उलटा बोल गए।' लेकिन, इसको लेकर विरोधी खासकर सत्ताधारी बीजेडी और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक बहुत ज्यादा हमलावर हैं। इसीलिए उन्हें माफी, प्रायश्चित और उपवासों का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ गया है।












Click it and Unblock the Notifications