पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के आने से बीजेपी को क्या फायदा होगा ? कांग्रेस के पूर्व दिग्गज ने बताई बड़ी बात
नई दिल्ली, 19 सितंबर: पूर्व केंद्रीय मंत्री और पंजाब में कभी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे अश्विनी कुमार ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद की परिस्थितियों को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा है कि इससे ना सिर्फ पंजाब में बीजेपी मजबूत होगी, बल्कि प्रदेश में राजनीतिक परिस्थितियां भी बदल जाएंगी। क्योंकि, कैप्टन राज्य के एक बहुत बड़े और जनाधार वाले नेता हैं। उन्होंने कहा है कि आने वाले समय में पंजाब से कांग्रेस के और नेता और कार्यकर्ता भी अमरिंदर की वजह से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
Recommended Video

कैप्टन के चलते बीजेपी को फायदा होगा- पूर्व कांग्रेसी नेता
न्यूज एजेंसी एएनआई से पूर्व कांग्रेस नेता अश्विनी कुमार ने इस बारे में कहा है कि 'मैं समझता हूं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब के काफी शक्तिशाली नेता हैं और उनके बीजेपी में शामिल होने से पार्टी को फायदा होगा। मुझे यह भी लगता है कि इससे राज्य में बीजेपी को एक ताकत मिलेगी।' पूर्व केंद्रीय मंत्री बोले कि 'ऐसी क्या परिस्थतियां थीं, ऐसे क्या राजनीतिक हालात थे, जिसके चलते अमरिंदर सिंह को कांग्रेस छोड़नी पड़ी और कांग्रेस में इतने साल गुजारने के बाद बीजेपी में शामिल होना पड़ा, यह सिर्फ वही लोग बता सकते हैं, जो इसके लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन यह स्पष्ट है कि ना सिर्फ पंजाब में, बल्कि पूरे देश में एक नया राजनीतिक माहौल बन रहा है, जिसमें कोई भी पार्टी अछूत नहीं रह गई है, इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखकर देश के इतने मजबूत नेता ने यह निर्णय लिया है......'

'2024 के आम चुनावों में भी असर पड़ेगा'
यही नहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि 'मुझे लगता है कि पंजाब में राष्ट्रवादी ताकतों को काफी प्रोत्साहन मिलेगा। इसका 2024 के आम चुनावों में भी असर पड़ेगा और यह संभव है कि 2024 के चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी के कई नेता बीजेपी में जा सकते हैं, क्योंकि कार्यकर्ता या जो दूसरी पंक्ति के नेता हैं, उसी पार्टी में रहते हैं, जहां मजबूत नेता रहते हैं।'

'पंजाब में इसका प्रभाव पड़ेगा'
उन्होंने कहा कि 'बीजेपी पंजाब में मजबूत होगी, क्योंकि कैप्टन अमरिंदर सिंह की छवि राष्ट्रवादी सेक्युलर सिख नेता की है। हिंदू लोग भी उन्हें पसंद करते हैं, इसलिए मजबूत समर्थन, वोटों में कैसे बदलता है, यह तो समय ही बताएगा, लेकिन पंजाब में इसका प्रभाव पड़ेगा और बीजेपी मजबूत होगी।'
एक साल पहले कांग्रेस से निकले थे कैप्टन
बता दें कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा दौर में प्रदेश के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक अमरिंदर सिंह आज दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए हैं और उन्होंने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी पार्टी में विलय कर लिया है। एक साल पहले सितंबर में ही कैप्टन को कांग्रेस ने बड़े ही अप्रिय तरीके से सीएम की कुर्सी छोड़ने को मजबूर कर दिया था और चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया था। कांग्रेस से निकलने के बाद उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस नाम से अपनी नई पार्टी गठित की थी और विधानसभा चुनावों में भी भाग्य आजमाया था।
हाल ही में लंदन से लौटे हैं अमरिंदर
अमरिंदर सिंह हाल ही में लंदन से स्पाइनल सर्जरी करा कर लौटे हैं और पिछले 15 दिनों में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर चुके थे। भाजपा में शामिल होने से पहले सोमवार सुबह में भी वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले थे।
इससे पहले 12 सितंबर को गृहमंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि पंजाब में राष्ट्रीय सुरक्षा और नार्को-टेररिज्म के बढ़ते मामले और राज्य के संपूर्ण विकास को लेकर काफी सकारात्मक चर्चा हुई है।












Click it and Unblock the Notifications