सड़क पर घायलों को तड़पते देखा तो कार से उतरे जज, पहुंचाया अस्पताल
चंडीगढ़। पंजाब में नडाला-बेगोवाल मार्ग पर रविवार रात बाइक की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मौके पर पुलिस पहुंच गई और एंबुलेस को बुलाया गया। पुलिस के साथ मौके पर अन्य लोग भी खड़े थे, लेकिन सब इंतजार ही कर रहे थे। इसी दौरान चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (सीजेएम) प्रितपाल सिंह ने देखा कि सड़क हादसा हुआ है तो वह मदद के लिए रुक गए। मुक्तसर से परिवार के साथ कपूरथला किसी समागम में शामिल होने जा रहे थे। जज साहब ने देखा कि घायल तड़प रहे हैं और सब एंबुलेस का इंतजार कर रहे हैं तो उन्होंने दखल दिया। इसके बाद मौके पर खड़े टैंपो ट्रैवलर की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी के मुताबिक, घायलों को टैंपो से नडाला के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से जालंधर रेफर कर दिया। हादसे में मरने वाले शख्स की पहचान
अशोक पाल के रूप में हुई है, जबकि घायल हुए दोनों शख्स का नाम- सचिन और गौरव है। ये तीनों रेहड़ी लगाते हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, अंधेरे की वजह से बाइक सवारों को ट्रक नहीं दिखा। इस वजह से बाइक ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई। पुलिस ने केस दर्ज करके ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सीजेएम प्रितपाल सिंह इससे पहले भी चर्चा में आए थे। 12 सितंबर को मुक्सर-बठिंडा रोड पर एक सड़क हादसा हुआ था। उस वक्त प्रितपाल सिंह साइकिल से सैर पर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि अचानक सड़क पर जानवर आने की वजह से हादसा हो गया है। एक्सीडेंट में दो महिलाएं, तीन बच्चे और चालक गिर गया थे। जज ने एक कार चालक से मदद करने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया, लेकिन जब उसे पता चला कि वह जज से बात कर रहा है तो मदद करने को राजी हो गया।
रविवार को हुए हादसे के बारे में सीजेएम प्रितपाल सिंह ने मीडिया से कहा कि घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद मुंडीरोड गांव पहुंचे तो कार्यक्रम खत्म हो चुका था। वह इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुक्तसर से चले थे। इतना ही नहीं, जज ने रात को करीब एक बजे एएसआई हरजिंदर सिंह को फोन कर जख्मियों का हाल-चाल भी पूछा। सीजेएम ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल न होने पाने का उन्हें दुख नहीं है बल्कि घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर आत्मिक सुकून है।












Click it and Unblock the Notifications