पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह आज कर सकते हैं पीएम मोदी से मुलाकात
नई दिल्ली, 11 अगस्त। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश की राजधानी में मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि अमरिंदर सिंह पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान किसानों के प्रदर्शन के मसले पर चर्चा कर सकते हैं। इससे पहले अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोनिया गांधी से पहली बार मुलाकात की है। अहम बात यह है कि अमरिंदर सिंह नहीं चाहते थे कि सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाए।

गौर करने वाली बात है कि पंजाब में कैबिनेट फेरबदल की चर्चा चल रही है। कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली पहुंचे हैं। सोनिया गांधी के अलावा अमरिंदर सिंह ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से भी मुलाकात की, जिन्होंने हाल ही में राजनीतिक सलाहकार के पद से इस्तीफा दे दिया है। दिल्ली में अमरिंदर सिंह ने कुछ नेताओं के लिए डिनर पार्टी का भी आयोजन किया था, जिसमे मनीष तिवारी, राणा सोढ़ी, मोहम्मद सिद्दीकी, प्रणीत कौर और पुर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार शामिल हुए।
अहम बात यह है कि नवजोत सिंह सिद्धू और अमरिंदर सिंह के बीच सुलह के बाद भी सिद्धू सरकार पर निशाना साधने से नहीं चूक रहे हैं। ड्रग ट्रैफिकिंग मामले में अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया व अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में हो रही देरी को लेकर सिद्धू ने सरकार पर निशाना साधा है।












Click it and Unblock the Notifications